पूर्व टेस्ट क्रिकेट एंड्रयू साइमंड्स की सड़क दुर्घटना में मौत

सिडनी.आस्ट्रेलिया के पूर्व टेस्ट क्रिकेटर एंड्रयू साइमंड्स की उत्तरी आस्ट्रेलिया के टाउन्सविले शहर में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई. साइमंड्स 46 बरस के थे.क्रिकेट आस्ट्रेलिया ने साइमंड्स के निधन की सूचना रविवार को अपनी वेबसाइट के जरिए दी जिसमें पुलिस के बयान के अलावा शनिवार देर रात हुई दुर्घटना की विस्तृत जानकारी दी गई है.वेबसाइट पर साइमंड्स को अपने अंतरराष्ट्रीय करियर के शीर्ष पर रहने के दौरान हीरो और आस्ट्रेलिया के अब तक के सबसे कुशल आलराउंडर में से एक बताया गया है.वेबसाइट पर कहा गया, ‘‘करियर के शीर्ष पर रहने के दौरान क्वीन्सलैंड के इस खिलाड़ी के ढेरों प्रशंसक थे जो उनके आक्रामक खेल के कारण ही नहीं बल्कि उनके व्यक्तित्व के कारण भी थे. ’’

साइमंड्स ने आस्ट्रेलिया के लिए 26 टेस्ट खेले जिसमें उन्होंने दो शतक जड़े. वह हालांकि सीमित ओवरों के विशेषज्ञ क्रिकेटर के रूप में बेहतर पहचाने जाते हैं. दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने आस्ट्रेलिया के लिए 198 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले और दो बार विश्व कप जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे.खिलाड़ी के रूप में संन्यास लेने के बाद साइमंड्स ने कमेंटेटर के रूप लोकप्रियता हासिल की. क्वीन्सलैंड पुलिस ने कहा है कि दुर्घटना टाउन्सविले से लगभग 50 किमी दूर हार्वे रेंज पर हुई.

पुलिस के बयान के अनुसार, ‘‘शुरुआती सूचना से संकेत मिले हैं कि रात 11 बजे के बाद कार हार्वे रेंज रोड पर चलाई जा रही थी और एलिस नदी के पुल के समीप यह सड़क से उतरकर पलट गई.’’ इसमें कहा गया, ‘‘आपात सेवा कर्मचारियों ने 46 साल के चालक को बचाने का प्रयास किया जो गाड़ी में अकेला व्यक्ति था. हालांकि चोटों के कारण उनकी मौत हो गई.’’साइमंड्स के परिवार ने निजता की अपील की है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button