ठाणे में फिल्म ‘अन्नपूर्णी’ को लेकर अभिनेत्री नयनतारा और सात अन्य के खिलाफ मामला दर्ज

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 12 Jan 2024 10:20 PM
ठाणे में फिल्म ‘अन्नपूर्णी’ को लेकर अभिनेत्री नयनतारा और सात अन्य के खिलाफ मामला दर्ज
ऑडियो सुनें

ठाणे. महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पुलिस ने अभिनेत्री नयनतारा सहित आठ लोगों के खिलाफ इस आरोप के चलते मामला दर्ज किया है कि उनकी हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘अन्नपूर्णी’ के कुछ दृश्यों को लेकर हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं. शुक्रवार को एक अधिकारी ने यह जानकारी दी.

मीरा-भयंदर के निवासी 48 वर्षीय शिकायतकर्ता ने नया नगर पुलिस थाने में अपनी शिकायत में कहा कि फिल्म ‘लव जिहाद’ को भी बढ़ावा देती है. फिल्म को नेटफ्लिक्स से हटा दिया गया है. नया नगर पुलिस थान के प्रभारी (एसएचओ) ने कहा कि बृहस्पतिवार को अभिनेत्री एवं निर्माता नयनतारा सहित आठ लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 153-ए (विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना), 295-ए (धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के इरादे से जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण कृत्य) और 505 (2) (पूजा स्थल पर किया गया अपराध) 34 (साझा मंशा) (दोनों को मिला कर पढ़ा जाए) के तहत मामला दर्ज किया गया.

मुंबई पुलिस ने बृहस्पतिवार को कहा कि दो दक्षिणपंथी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने नयनतारा और फिल्म से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ अलग-अलग शिकायतें दर्ज की थीं, जिनमें आरोप लगाया गया कि इसमें कुछ दृश्य हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत करते हैं.

एक अधिकारी ने बताया “बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा दो दिन पहले पश्चिमी उपनगर के ओशिवारा पुलिस थाने में एक शिकायत दर्ज कराई गई थी और इस संबंध में जांच चल रही है.” एक अधिकारी ने बताया कि दूसरी शिकायत हिंदू आईटी सेल के संस्थापक रमेश सोलंकी द्वारा दक्षिण मुंबई के लोकमान्य तिलक मार्ग पुलिस थाने में दर्ज कराई गई . सोलंकी ने आरोप लगाया है कि फिल्म में भगवान राम की गरिमा को कमतर किया गया है और इसे जानबूझकर हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए रिलीज किया गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu