कर्पूरी ठाकुर के विचारों को जीवन का हिस्सा बनाएं युवा: प्रधानमंत्री मोदी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 24 Jan 2024 08:40 PM
कर्पूरी ठाकुर के विचारों को जीवन का हिस्सा बनाएं युवा: प्रधानमंत्री मोदी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को कहा कि गणतंत्र दिवस परेड इस बार और विशेष होगी क्योंकि यह देश की महिला शक्ति को सर्मिपत है और साथ ही यह हमारा 75वां गणतंत्र दिवस भी होगा. उन्होंने यहां एक कार्यक्रम में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) कैडेट और राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवकों के एक समूह से बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर के बारे में जानने और उनके आदर्शों को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का भी आह्वान किया. उन्होंने कहा कि इससे उनका व्यक्तित्व नई ऊंचाई पर पहुंचेगा.

प्रधानमंत्री ने युवाओं से यह भी कहा कि वे ‘राष्ट्र प्रथम’ के मंत्र को अपना मार्गदर्शक सिद्धांत बनाएं. उन्होंने कहा कि उन्हें ‘जेन जेड’ (जेड पीढ़ी) कहा जा सकता है लेकिन वह उन्हें (युवाओं को) ‘अमृत पीढ़ी’ कहना पसंद करेंगे. पिछड़े समुदाय से ताल्लुक रखने वाले ठाकुर की सराहना करते हुए मोदी ने कहा कि उन्हें भारत रत्न दिए जाने से युवा पीढ़ी उनके बारे में जानेगी और उनके जीवन से सीख लेगी जो कि आवश्यक है.

उन्होंने कहा कि ठाकुर अत्यधिक गरीबी और सामाजिक असमानता के बीच पैदा हुए, लेकिन वह दो बार बिहार के मुख्यमंत्री बने. उन्होंने कहा कि समाजवादी नेता हमेशा विनम्र रहे और समाज के हर वर्ग का ध्यान रखा. मोदी ने कहा कि उनका जीवन सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए सर्मिपत था. उन्होंने कहा कि उनकी ईमानदारी को एक उदाहरण के रूप में उद्धृत किया जाता है. प्रधानमंत्री ने कहा कि ठाकुर गरीबों के कल्याण और समाज के पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए अपने कार्यों में उनकी सरकार के लिए एक प्रेरणा रहे हैं.

मोदी ने कहा कि उनकी सरकार भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए काम कर रही है और युवाओं की ऊर्जा से देश की गति तेज होगी. उन्होंने कहा, ”हमारा संकल्प उनके सभी सपनों को पूरा करना और उनके जीवन को अवसरों से भरा बनाना है.” मोदी ने भारत के चंद्र मिशन का उदाहरण देते हुए कहा कि लोगों को विफलताओं से परेशान नहीं होना चाहिए.

मोदी ने कहा, ”आपकी क्षमता और दृष्टि भारत को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी.” मोदी ने छात्रों से अपने स्वास्थ्य, अनुशासन का ध्यान रखने, बुरी आदतों को छोड़ने और अपनी विरासत और संस्कृति पर गर्व करने के लिए कहा. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय बालिका दिवस भी बुधवार को है और यह भारत की बेटियों के साहस, दृढ़ निश्चय और उपलब्धियों का उत्सव है. उन्होंने कहा कि सरकार ने उन छात्राओं के लिए नए अवसर पैदा किए हैं जो सेना में शामिल होना चाहती हैं. उन्होंने कहा, ”अब, छात्राओं को भी विभिन्न सैनिक स्कूलों में प्रवेश मिल सकता है.”

कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न से सम्मानित करना गरीबों, पिछड़ों का सम्मान: अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को कहा कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न से सम्मानित करने का सरकार का फैसला पिछड़े और दलित समुदायों से जुड़े करोड़ों गरीब लोगों का सम्मान है. केंद्र सरकार ने दो बार बिहार के मुख्यमंत्री रहे कर्पूरी ठाकुर को मंगलवार को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित करने की घोषणा की.

मोदी सरकार में 27 मंत्रियों के अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) समुदायों से होने का उल्लेख करते हुए शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ओबीसी के विकास के पुरजोर समर्थक रहे हैं. कर्पूरी ठाकुर के जन्म शताब्दी समारोह को संबोधित करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार ने ओबीसी की सूची संशोधित की है, राज्यों को उनकी अपनी ओबीसी सूची तैयार करने के अधिकार दिए हैं, आईआईटी और आईआईएम संस्थानों में तथा पेट्रोल पंपों के आवंटन में भी ओबीसी को आरक्षण दिया है.

अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का उल्लेख करते हुए शाह ने कहा, ”प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदीजी ने 22 जनवरी को राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के साथ 500 सालों के इंतजार को खत्म किया और अगले ही दिन 23 जनवरी को उन्होंने कर्पूरी ठाकुर जी को भारत रत्न देने का फैसला करके गरीबों के लिए एक अच्छे काम को पूरा किया.” गृह मंत्री ने कहा कि ठाकुर ने प्रशासन और शिक्षा क्षेत्र में हिंदी को बढ.ावा देने के लिए काम किया था और अब मोदी सरकार नई शिक्षा नीति के तहत स्थानीय भाषाओं को प्रोत्साहित कर रही है.

उन्होंने कहा कि ठाकुर को मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित करने की घोषणा करके प्रधानमंत्री ने करोड़ों गरीबों को सम्मान और न्याय दिया है. गृह मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार गरीबों और पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए गंभीरता से काम कर रही है. शाह ने कहा कि सरकार ने पिछले 10 वर्षों में तीन करोड़ लोगों को बिजली कनेक्शन दिए हैं, 10 करोड़ लोगों को मुफ्त एलपीजी कनेक्शन दिए हैं, 14 करोड़ लोगों तक नल से जल पहुंचाया है और 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज दे रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu