
कूच बिहार/गुवाहाटी. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को विश्वास जताया कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) देशभर में अन्याय के खिलाफ एकजुट होकर लड़ेगा. एक दिन पहले ही ‘इंडिया’ के घटक दल तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी ने राज्य में अकेले लोकसभा चुनाव लड़ने की घोषणा की थी. राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ ने बृहस्पतिवार को असम से पश्चिम बंगाल में प्रवेश किया और यह कूच बिहार जिले के बशीरहाट पहुंची. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने यहां पहुंचने पर राहुल गांधी का गर्मजोशी से स्वागत किया.
इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर नफरत और हिंसा को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि यात्रा से ‘न्याय’ शब्द को इसलिए जोड़ा गया है क्योंकि ‘देशभर में अन्याय व्याप्त है’.
उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ”भाजपा और आरएसएस नफरत और हिंसा फैला रहे हैं. हमने यात्रा के साथ ‘न्याय’ शब्द जोड़ा है क्योंकि देशभर में अन्याय व्याप्त है. ‘इंडिया’ गठबंधन देशभर में व्याप्त अन्याय के खिलाफ लड़ेगा.” पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को अचानक घोषणा की कि लोकसभा चुनाव में उनकी पार्टी पश्चिम बंगाल में अकेले मैदान में उतरेगी. इससे विपक्षी गठबंधन को झटका लगा.
इसके बाद कांग्रेस की प्रतिक्रिया आई कि ममता बनर्जी के बिना ‘इंडिया’ गठबंधन की कल्पना भी नहीं की जा सकती. तृणमूल कांग्रेस ने राहुल की यात्रा के बारे में सूचना नहीं होने का हवाला देते हुए इसमें शामिल नहीं होने की बात कही है. वहीं राज्य में और ‘इंडिया’ गठबंधन में कांग्रेस के सहयोगी माकपा और अन्य वाम दल ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में भाग ले सकते हैं. पश्चिम बंगाल में यह यात्रा 523 किलोमीटर की दूरी तय करेगी और छह जिलों तथा छह लोकसभा क्षेत्रों से गुजरेगी. अप्रैल-मई 2021 में पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद से यह राहुल गांधी का पहला प्रदेश दौरा है.
भाजपा असम की उन सभी सीट पर जीत हासिल करेगी जहां से राहुल की यात्रा गुजरी है : हिमंत
असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उन सभी निर्वाचन क्षेत्रों में जीत हासिल करेगी जहां से राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ गुजरी है. इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस द्वारा राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दौरान असम में यात्रा का आयोजन करना सांप्रदायिक तनाव पैदा करने की राजनीतिक साजिश थी.
शर्मा ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कटाक्ष करते हुए कहा, “वह जहां भी प्रचार करेंगे, भाजपा को जीत मिलेगी. इस वजह से भाजपा को उनकी जरूरत है.” उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद राहुल गांधी को गिरफ्तार किया जाएगा. असम पुलिस ने यात्रा के दौरान स्वीकृत मार्ग से हटकर गुवाहाटी शहर में प्रवेश करने के लिए अपने समर्थकों को बैरिकेड तोड़ने के लिए उकसाने के आरोप में राहुल गांधी और कई अन्य कांग्रेस नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
उन्होंने आरोप लगाया, ”अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के दिन उन्होंने (गांधी ने) सांप्रदायिक तनाव भड़काने के लिए अल्पसंख्यक बहुल जिलों नगांव और मोरीगांव की यात्रा करने का फैसला किया था.” राहुल की यात्रा राज्य में 18 जनवरी को शुरू हुई थी और बृहस्पतिवार को यात्रा पश्चिम बंगाल में प्रवेश कर गई.
असम में नाटकीय घटनाक्रमों, आरोप-प्रत्यारोप का गवाह बनी कांग्रेस की न्याय यात्रा
कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ ने बृहस्पतिवार को असम का अपना पड़ाव पूरा कर लिया. राज्य में आठ दिनों तक चली यह यात्रा नाटकीय घटनाक्रमों से भरी रही तथा राहुल गांधी और मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के बीच तीखे आरोप-प्रत्यारोप भी देखने को मिले.
राहुल गांधी ने यात्रा की शुरुआत में ही शर्मा को ”भारत का सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री” करार दिया और फिर शर्मा द्वारा पलटवारा किए जाने के बाद इस यात्रा को लेकर सुर्खियां बनीं.
असम में यात्रा के दाखिल होने के साथ ही उस वक्त इसे रुकावटों का सामना करना पड़ा जब जोरहाट और धेमाजी में रात्रि विश्राम के लिए दो सार्वजनिक मैदानों की अनुमति रद्द दी गई. कांग्रेस ने इसे मुद्दा बनाया और भाजपा के नेतृत्व वाली असम सरकार पर ”अलोकतांत्रिक रवैया” अपनाने का आरोप लगाया.
‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के दौरान उस वक्त नाटकीय घटनाक्रम को देखने को मिला जब 22 जनवरी को राहुल गांधी को असम के नौगांव जिले में वैष्णव संत श्रीमंत शंकरदेव के जन्मस्थान की ओर जाने से रोक दिया गया था. उसी दिन अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा समारोह आयोजित हुआ था. धार्मिक स्थल पर जाने से रोके जाने के बाद राहुल गांधी वहां धरने पर बैठ गए थे.
गत 18 जनवरी को जब यात्रा नागालैंड से असम में दाखिल हुई तो राहुल गांधी ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा और आरोप लगाया कि राज्य में शायद देश की ”सबसे भ्रष्ट सरकार” और ”सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री” हैं. इसके बाद शर्मा ने पलटवार करते हुए गांधी परिवार को देश का ”सबसे भ्रष्ट परिवार’ बताया. यात्रा के दौरान असम में राहुल गांधी और कांग्रेस के कई अन्य नेताओं के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज की गई.
‘जय श्री राम’ के नारे लगाते हुए कई लोग राहुल गांधी के करीब पहुंच थे. कांग्रेस का कहना था कि ये लोग भाजपा से जुड़े थे और यात्रा को बाधित करना चाहते थे. जोरहाट में यात्रा का मार्ग बदले जाने को लेकर राहुल गांधी की सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाले केबी बायजू, असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख भूपेन कुमार बोरा और कुछ अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया. जोरहाट पुलिस ने नामित आरोपी व्यक्तियों को नोटिस जारी कर दिया है और उन्हें 31 जनवरी को उसके सामने पेश होने के लिए कहा है.
पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने आरोप लगाया कि 20 जनवरी को लखीमपुर के जिला मुख्यालय उत्तरी लखीमपुर शहर में उपद्रवियों द्वारा कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हमला किया गया, उनके वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया और यात्रा के सभी होर्डग्सिं और पोस्टरों को नष्ट कर दिया गया. बोरा को 21 जनवरी को कुछ अज्ञात लोगों ने मुक्का मारा था, जिससे उनकी नाक से खून बहने लगा था, जबकि एक अन्य घटना में पार्टी के केंद्रीय नेता जयराम रमेश की कार पर भी सोनितपुर जिले में हमला किया गया था.
कांग्रेस और प्रदेश सरकार के बीच विवाद उस वक्त और गहरा गया गया जब राहुल गांधी और अन्य वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस अवरोध हटा दिए. इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प भी हुई. इस मामले में राहुल गांधी और कई अन्य कांग्रेस नेताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई.
न्याय यात्रा में दो दिनों का अवकाश, राहुल गांधी दिल्ली रवाना
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में दो दिनों के अवकाश के कारण बृहस्पतिवार को दिल्ली रवाना हो गए. गत 14 जनवरी को मणिपुर की राजधानी इंफाल से आरंभ हुई यह यात्रा बृहस्पतिवार को पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले में दाखिल हुई. राहुल गांधी ने कूचबिहार में एक रोडशो किया और फिर दिल्ली के लिए रवाना हुए, क्योंकि यात्रा में दो दिनों का विराम है.
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेता शुभांकर सरकार ने बताया, ”राहुल गांधी एक विशेष उड़ान से अलीपुरद्वार के हासीमारा हवाई अड्डे से नई दिल्ली के लिए रवाना हुए. उन्हें कुछ जरूरी काम था.” उन्होंने कहा, ”अवकाश के बाद यात्रा 28 जनवरी को फिर से शुरू होगी. गांधी तब तक वापस आएंगे और इसमें शामिल होंगे.” अवकाश के बाद यात्रा पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, उत्तर दिनाजपुर और दार्जिलिंग जिलों से होकर गुजरेगी. यात्रा 29 जनवरी को बिहार में दाखिल होगी.
यात्रा 31 जनवरी को मालदा के रास्ते पश्चिम बंगाल में फिर से प्रवेश करेगी और एक फरवरी को राज्य से प्रस्थान करने से पहले यह कांग्रेस का गढ. माने जाने वाले मुर्शिदाबाद से होकर गुजरेगी. कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ 6,713 किलोमीटर की दूरी तय करेगी और 15 राज्यों के 110 जिलों से होते हुए 20 या 21 मार्च को मुंबई में समाप्त होगी.



