रोहित ने कहा, मुंबई में खेलने का अतिरिक्त फायदा नहीं मिलेगा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 19 Jun 2023 09:48 PM
ऑडियो सुनें

मुंबई. मुंबई इंडियन्स के कप्तान रोहित शर्मा ने बुधवार को कहा कि उनकी टीम को यहां के तीन मैदानों में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मैच खेलने का कोई अतिरिक्त फायदा नहीं होगा क्योंकि उनकी ‘अपेक्षाकृत नयी टीम’ में कई ऐसे खिलाड़ी हैं जो पिछले दो वर्षों में यहां नहीं खेले हैं. वानखेड़े स्टेडियम में शनिवार को चेन्नई सुपर ंिकग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच होने वाले मैच से आईपीएल-15 की शुरुआत होगी.

रोहित ने वर्चुअल संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘मुझे उम्मीद है कि आपने नीलामी देखी होगी. यह अपेक्षाकृत नयी टीम है. टीम में कई नये खिलाड़ी आये हैं, इसलिए मुझे नहीं लगता कि यहां मैच खेलने से हमें कोई अतिरिक्त फायदा मिलेगा क्योंकि टीम के 70 या 80 प्रतिशत खिलाड़ी इससे पहले मुंबई में नहीं खेले हैं.’’ उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए अतिरिक्त फायदे वाली जैसी कोई बात नहीं है.’’ आईपीएल के लीग चरण के मैच मुंबई और पुणे में होंगे. मुंबई इंडियन्स की टीम 2008 में टूर्नामेंट की शुरुआत के बाद से वानखेड़े स्टेडियम में अपने घरेलू मैच खेलती रही है.

रोहित ने कहा, ‘‘केवल मैं, सूर्या (सूर्यकुमार यादव), (कीरोन) पोलार्ड, ईशान (किशन), (जसप्रीत) बुमराह ही मुंबई में काफी मैच खेले हैं. अन्य खिलाड़ियों को यहां खेलने का अनुभव नहीं है, इसलिए अतिरिक्त लाभ जैसी कोई चीज नहीं है.’’ रोहित ने कहा, ‘‘हम सभी दो साल बाद मुंबई में खेल रहे हैं, हमने मुंबई में एक भी मैच नहीं खेला है. असल में अन्य टीम पिछले साल मुंबई में खेली थी लेकिन हमें यहां खेलने का मौका नहीं मिला था, इसलिए अतिरिक्त फायदा नहीं होगा.’’ रोहित ने इसके साथ ही कहा कि बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव अब भी बेंगलुरू में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में हैं और वहां से मंजूरी मिलने के बाद ही टीम से जुड़ेंगे.

उन्होंने कहा, ‘‘सूर्या इस समय एनसीए में है. उसकी प्रगति अच्छी है. वह जल्द यहां होगा. मैं अभी नहीं बता सकता कि वह पहले मैच के लिये उपलब्ध रहेगा या नहीं लेकिन हम कोशिश कर रहे हैं कि वह जल्द से जल्द टीम से जुड़े.’’ रोहित ने इसके साथ ही स्पष्ट किया कि वह और ईशान किशन मुंबई की तरफ से बल्लेबाजी की शुरुआत करेंगे. उन्होंने कहा, ‘‘मैं बल्लेबाजी की शुरुआत करूंगा. (मैं) पहले ऐसा करता रहा हूं. मैं ईशान (किशन) के साथ पारी की शुरुआत करूंगा.’’ रोहित ने आईपीएल में प्रति पारी में दो डीआरएस का स्वागत किया.

उन्होंने कहा, ‘‘अब वह (मांकंिड़ग) वैध हो गया है इसलिए बल्लेबाजों को सतर्क रहना होगा. नियम है और हमें उसका पालन करना होगा. इसके अलावा मुझे लगता है कि यह अच्छा नियम है कि कैच आउट होने पर नया बल्लेबाज गेंद का सामना करे.’’ रोहित ने कहा, ‘‘दो डीआरएस का होना अच्छा नियम है क्योंकि मैच में जितनी कम गलतियां होंगी, उतना बेहतर है.’’

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu