नयी दिल्ली. दिल्ली में कालकाजी मंदिर में जागरण के लिए बनाए गए मंच के ढह जाने से 45 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई और 17 लोग घायल हो गए. पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि यह दुखद घटना देर रात करीब 12.30 बजे हुई. मृतका की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है. पुलिस के अनुसार शनिवार को कालकाजी मंदिर के महंत परिसर में जागरण का आयोजन किया गया था और इसमें लगभग 1600 लोग शामिल हुए थे.
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने महिला की मौत पर शोक व्यक्त किया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की.
सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में मुख्यमंत्री केजरीवाल ने लिखा “कालकाजी मंदिर के जागरण में कल रात हुआ हादसा बेहद दुखद है, हादसे में एक महिला की मौत हुई है, ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें. घायल हुए 17 लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूँ.
उन्होंने लिखा ” मेरी सभी दिल्लीवासियों से अपील है कि किसी भी तरह के बड़े आयोजन में सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखें, व्यवस्था इस प्रकार करें कि कोई भी अप्रिय घटना ना घटे.” पुलिस उपाीयुक्त (दक्षिणपूर्व) राजेश देव ने बताया, कार्यक्रम के लिए कोई पूर्व अनुमति नहीं दी गई थी. हालांकि, कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त कर्मी तैनात किए गए थे. शनिवार रात लगभग 12.30 बजे 1,500-1,600 लोग एकत्र हुए थे.” पुलिस के अनुसार आयोजकों और अति विशिष्ट लोगों के परिवारों के लिए मुख्य मंच के पास लोहे के फ्रेम के सहारे लकड़ी का ऊंचा मंच बनाया गया था.
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि लगभग 12.30 बजे वजन अधिक होने के कारण यह मंच बीच में से ढह गया. इसके चलते मंच पर बैठे और जमीन पर उसके आसपास बैठे लोग घायल हो गए. एक प्रत्यक्षदर्शी वरुण ने बताया कि मंदिर में बड़ी भीड़ थी क्योंकि गायक बी प्राक वहां मौजूद थे.
उन्होंने पीटीआई-भाषा को बताया, ”अचानक मंच ढह गया और मंच के पास बैठे लोगों को चोटें आईं. गायक बी प्राक तब तक वहां से जा चुके थे.” मंदिर में मौजूद एक अन्य व्यक्ति ने बताया कि उसने बहुत तेज आवाज सुनी और लोगों को बाहर भागते हुए देखा.
पुलिस उपायुक्त ने कहा कि आयोजकों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की घारा 337, 334ए और 188 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है और मामले की जांच शुरु की गई है. दिल्ली अग्निशमन सेवा के निदेशक अतुल गर्ग ने बताया कि उनके विभाग को घटना के बारे में रात 12.45 बजे सूचना मिली. तीन दमकल गाड़ियों के साथ कई टीम घटनास्थल भेजी गईं.
“दुखी और निराश हूं” : कालकाजी मंदिर में मंच गिरने की घटना पर गायक बी प्राक
मशहूर गायक बी प्राक ने कहा कि दिल्ली में कालकाजी मंदिर में जागरण के लिए बनाए गए मंच के ढह जाने से वह ”निराश” हैं. पुलिस ने बताया कि शनिवार देर रात करीब 12.30 बजे हुई इस दुखद घटना में 45 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई और 17 लोग घायल हो गए. शनिवार को कालकाजी मंदिर के महंत परिषर में आयोजित जागरण में लगभग 1,600 लोग शामिल हुए थे.
कार्यक्रम में गायक बी प्राक ने प्रस्तुति दी. उन्होंने घटना के तुरंत बाद अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो संदेश साझा किया.
बी प्राक ने कहा ” मैं बहुत दुखी और निराश हूं. ऐसा पहली बार है कि जहां मैं प्रस्तुति दे रहा था वहां ऐसा हुआ…मां कालकाजी मंदिर में. मैं उम्मीद करता हूं कि घायल जल्द ही ठीक हो जाएंगे.” गायक ने कहा कि जीवन से अधिक मूल्यवान कुछ भी नहीं है. साथ ही उन्होंने कहा कि प्रबंधन ने भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश की लेकिन भक्तों की भावनाएं चरम पर थीं.
उन्होंने कहा कि “प्रबंधन बहुत महत्वपूर्ण है. उन्होंने भीड़ को समझाने की कोशिश की और उन्हें पीछे हटने के लिए कहा, लेकिन यह देवी मां और मेरे लिए आपका प्यार है… लेकिन हमें अब से बहुत सावधान रहना होगा और बच्चों, बुजुर्गों और बाकी सभी का बहुत ख्याल रखना होगा.” पुलिस उपायुक्त (दक्षिणपूर्व) राजेश देव ने बताया, “कार्यक्रम के लिए कोई पूर्व अनुमति नहीं दी गई थी. हालांकि, कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त कर्मी तैनात किए गए थे.” आयोजकों और अति विशिष्ट लोगों के परिवारों के लिए मुख्य मंच के पास लोहे के फ्रेम के सहारे लकड़ी का ऊंचा मंच बनाया गया था. पुलिस उपायुक्त ने बताया कि लगभग 12.30 बजे यह मंच ढह गया.