शिष्य के साथ मारपीट करने का राहत फतेह अली खान का वीडियो वायरल, गायक ने दिया स्पष्टीकरण

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 28 Jan 2024 05:53 PM
शिष्य के साथ मारपीट करने का राहत फतेह अली खान का वीडियो वायरल, गायक ने दिया स्पष्टीकरण
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. राहत फतेह अली खान उस समय विवादों के केंद्र में आ गये, जब उनका एक व्यक्ति को कथित तौर पर थप्पड़ मारने का वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर काफी प्रसारित हुआ. इसके बाद प्रसिद्ध पाकिस्तानी गायक ने कहा कि यह उनकी छवि खराब करने का प्रयास है.

कथित वीडियो में, खान को उस व्यक्ति के साथ मारपीट करते हुए देखा जा सकता है, जिसे बाद में राहत फतेह अली खान ने अपना शिष्य नावेद हसनैन बताया. वीडियो में वह (राहत फतेह अली खान) पूछते दिख रहे हैं, “मेरी बोतल कहाँ है?” एक मिनट से अधिक की वीडियो क्लिप वायरल होने के कुछ घंटों बाद ही खान का नाम सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर ट्रेंड करने लगा. कई सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने गायक की उनके दुर्व्यवहार के लिए आलोचना की. हालांकि, यह पता नहीं चल सका कि उक्त वीडियो को कब और कहां रिकॉर्ड किया गया.

“मन की लगन” और “जिया धड़क धड़क–” जैसे हिंदी फिल्मी गानों के लिए प्रसिद्ध गायक ने बाद में स्पष्टीकरण के रूप में इंस्टाग्राम पर एक के बाद एक कई वीडियो साझा किये. उनचास वर्षीय खान ने वायरल वीडियो को एक गुरु और उनके शिष्य के बीच का “आंतरिक मामला” बताया.

लोकप्रिय गायक राहत फ.तेह अली खान ने वीडियो में कहा “आपने इन वीडियो में जो कुछ भी देखा है, वह एक उस्ताद और एक शागिर्द (शिष्य) के बीच का आंतरिक मामला है. जब कोई शिष्य अच्छा काम करता है, तो हम उसकी काफी प्रशंसा करते हैं और जब वे गलती करते हैं, तो हम उन्हें दंडित करते हैं. साथ ही… मैंने उसी समय उनसे माफी मांगी थी…” एक अन्य वीडियो में, खान ने कहा कि वीडियो रिकॉर्ड करने वाला व्यक्ति उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहा है.

उन्होंने कहा, “ये मुझे बदनाम करने और मुझे एक अत्याचारी के रूप में चित्रित करने की कोशिशें हैं, लेकिन मैं उनसे कहता हूं कि वे पहले खुद पर नजर डालें.” सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कई उपयोगकर्ताओं ने खान की आलोचना की और दावा किया कि यह बवाल “शराब की एक खोई हुई बोतल” को लेकर था. हसनैन के अनुसार, उन्होंने एक बोतल खो दी थी, जिसमें “पवित्र जल” था. उन्होंने कहा, “मैं भूल गया था कि मैंने वह बोतल कहाँ रखी थी, जिसमें ‘पीर साहब का दम का पानी’ (पवित्र जल) था.

उन्होंने कहा “अल्लाह जानता है कि हमारे उस्ताद हमसे बहुत प्यार करते हैं. जिसने भी वह वीडियो रिकॉर्ड किया है, वह ब्लैकमेलर है. यह व्यक्ति मेरे उस्ताद जी को बदनाम करने की कोशिश कर रहा है.” हसनैन ने यह भी कहा कि उनके परिवार और खान का रिश्ता 40 साल पुराना है. वायरल वीडियो में जो कुछ भी दिखा, वह “झूठ” है.

उन्होंने एक अन्य वीडियो में कहा, “वह मुझे मार सकते हैं, डांट सकते हैं, वह मेरे उस्ताद हैं. वह वीडियो झूठ है और मेरे उस्ताद की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास है.” खान द्वारा स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश करने के बाद भी सोशल मीडिया पर आलोचना नहीं रुकी, कई लोगों ने अपने शिष्य को मारने के बारे में उनके स्पष्टीकरण को “शर्मनाक” बताया. वायरल वीडियो पर टिप्पणी करते हुए, गायिका चिन्मयी श्रीपदा ने कहा कि किसी ने कभी नहीं सोचा होगा कि जो लोग “सार्वजनिक रूप से मृदुभाषी” की तरह व्यवहार करते हैं, वे इस तरह के अमानवीय व्यवहार भी कर सकते हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu