
किशनगंज/कोलकाता/अररिया. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को आरोप लगाया कि आरएसएस और भाजपा की विचारधारा देश में हिंसा और नफरत फैला रही है. अपनी ”भारत जोड़ो न्याय यात्रा” के तहत यहां एक सार्वजनिक रैली को संबोधित करते हुए गांधी ने कहा कि केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाले राजग शासन के दौरान विभिन्न धर्मों और जातियों के लोग आपस लड़ रहे हैं.
गांधी अपनी इस यात्रा के तहत ऐसे समय में बिहार आए हैं जब कांग्रेस के पूर्व सहयोगी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक दिन पहले फिर से पाला बदलकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में वापस चले गए.
उन्होंने कहा, ”आरएसएस और भाजपा की विचारधारा देश में हिंसा और नफरत फैला रही है. वे (आरएसएस और भाजपा) लोगों को धर्म, जाति और भाषा के नाम पर आपस में लड़ने के लिए उकसाते हैं. भाई-भाई आपस में लड़ रहे हैं… उन्होंने (आरएसएस और भाजपा) देश में यही माहौल बना दिया है. हम (कांग्रेस) लोगों को एकजुट करने के लिए काम करते हैं… हम ”नफरत के बाजार” में ”मोहब्बत की दुकान” खोलना चाहते हैं.” गांधी की अगुवाई वाली कांग्रेस की ”भारत जोड़ो न्याय यात्रा” आज सुबह पार्टी के गढ़ किशनगंज से होते हुए बिहार में प्रवेश कर गई. इसके बाद शाम को यात्रा अररिया जिले में पहुंची.
कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने किशनगंज में संवाददाताओं से कहा, ”एक स्थानीय मंदिर में पूजा करने के बाद राहुल जी का रात्रि प्रवास अररिया में रहेगा. वह मंगलवार सुबह अपनी यात्रा फिर से शुरू करेंगे और पूर्णिया जिले में प्रवेश करेंगे. राहुल जी दोपहर दो बजे के आसपास पूर्णिया के रंगभूमि मैदान में एक विशाल रैली को संबोधित करेंगे.” पार्टी के अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक गांधी की यात्रा मंगलवार शाम को कटिहार जिले में प्रवेश करेगी. इससे पहले दिन में सिंह और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने सीमांचल क्षेत्र के एक जिले किशनगंज में उनका स्वागत किया. यह मुस्लिम बहुल क्षेत्र. पदयात्रा के दौरान राष्ट्रीय ध्वज और पार्टी के झंडे हाथ लिए बड़ी संख्या में कांग्रेस समर्थकों ने राहुल गांधी के समर्थन में नारे लगाए .
राहुल गांधी के बारे में ‘अपमानजनक’ टिप्पणी के लिए कांग्रेस ने शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ शिकायत दी
कांग्रेस की पश्चिम बंगाल इकाई ने पार्टी के नेता राहुल गांधी के बारे में कथित तौर पर “अशोभनीय और अपमानजनक टिप्पणी” के लिए सोमवार को भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. हाल ही में एक वीडियो सामने आया था, जिसमें अधिकारी ने सोमवार सुबह पश्चिम बंगाल से बिहार में प्रवेश करने वाली कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ का जिक्र करते हुए राहुल गांधी के बारे में कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी की थी. हालांकि, ‘पीटीआई-भाषा’ स्वतंत्र रूप से वीडियो क्लिप की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं कर सकता.
प्रदेश कांग्रेस के नेता शुभांकर सरकार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “हमने हमारे नेता राहुल गांधी के खिलाफ अशोभनीय और अपमानजनक टिप्पणी करने के लिए शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. यह व्यवहार अस्वीकार्य और अपमानजनक है. हमने पुलिस से तत्काल कार्रवाई करने का आग्रह किया है.” कांग्रेस ने अधिकारी से बिना शर्त माफी की भी मांग की.
शिकायत उत्तर बंगाल के सिलीगुड़ी थाने में दर्ज कराई गई है.



