पत्नी की हत्या कर सिर काटने के आरोपी की पुलिस वाहन से कूदने के बाद मौत

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 14 Sep 2026 12:51 PM
पत्नी की हत्या कर सिर काटने के आरोपी की पुलिस वाहन से कूदने के बाद मौत
ऑडियो सुनें

गुवाहाटी: असम के गुवाहाटी में पत्नी की हत्या कर उसका सिर काटने के आरोपी की सोमवार तड़के अस्पताल ले जाते समय पुलिस वाहन से कूदने के बाद सिर में गंभीर चोट लगने से मौत हो गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, रामानुज गोस्वामी को स्थानीय थाने से गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) ले जाया जा रहा था, तभी उसने पुलिस वाहन से छलांग लगा दी।

एक अधिकारी ने कहा, ”वह पहाड़ी इलाके से नीचे गिर गया और उसका सिर किसी कठोर वस्तु से टकरा गया। उसे जीएमसीएच ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।” जीएमसीएच के अधीक्षक देवजीत चौधरी ने कहा कि पुलिस रामानुज गोस्वामी को सोमवार सुबह 3.41 बजे अस्पताल लेकर आई थी।

उन्होंने कहा, ”उसे मृत अवस्था में लाया गया था। मौत के कारण का अभी पता नहीं चल पाया है।” उन्होंने बताया कि शव पर गोली लगने के कोई निशान नहीं थे। रामानुज गोस्वामी ने पिछले सप्ताह आत्मसमर्पण कर अपनी पत्नी रिया तालुकदार की हत्या करने की बात कबूल की थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी ने कथित रूप से पत्नी के विवाहेतर संबंध को लेकर गुस्से में उसकी हत्या करने की बात कही थी।

पत्नी का कटा हुआ सिर एक पॉलीथिन बैग में फ्रिज के अंदर रखा हुआ मिला था। दोनों की शादी को एक साल से भी कम समय हुआ था। गोस्वामी धुबरी जिले का रहने वाला था, जबकि तालुकदार गुवाहाटी की मूल निवासी थी।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav