बस्तर: विवाह समारोह के दौरान दूल्हा-दुल्हन पर तेजाब जैसा पदार्थ फेंका गया, 12 झुलसे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 20 Apr 2023 07:11 PM
बस्तर: विवाह समारोह के दौरान दूल्हा-दुल्हन पर तेजाब जैसा पदार्थ फेंका गया, 12 झुलसे

ऑडियो सुनें

जगदलपुर. छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में विवाह समारोह के दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने दूल्हा-दुल्हन के ऊपर तेजाब जैसा द्रव फेंक दिया जिससे उन दोनों समेत 12 लोग झुलस गए . पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के भानपुरी थाना क्षेत्र के छोटे आमाबाल गांव में विवाह समारोह के दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने दूल्हा डमरू बघेल (25) और दुल्हन सुनीता कश्यप (19) के ऊपर तेजाब जैसा द्रव फेंक दिया जिससे उन दोनों समेत 12 लोग झुलस गए.

उन्होंने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है कि छोटे आमाबाल गांव में इस विवाह कार्यक्रम के दौरान बिजली गुल हो गयी थी और शाम करीब पौने सात बजे जब दिए और मोबाइल के टॉर्च की रौशनी में विवाह कार्यक्रम चल रहा था तब अचानक किसी ने स्टील के गिलास से दूल्हा-दुल्हन के ऊपर तेजाब जैसा द्रव फेंक दिया. इस घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में दूल्हा-दुल्हन तथा 10 अन्य लोग झुलस गए.

उन्होंने बताया कि विवाह कार्यक्रम में नारायणपुर क्षेत्र के कांग्रेस विधायक चंदन कश्यप भी शामिल होने के लिए पहुंचे थे, उन्होंने घायलों को अपने काफिले के वाहन से भानपुरी अस्पताल भेजा. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 12 घायलों में से दूल्हा-दुल्हन समेत चार को बेहतर इलाज के लिए जगदलपुर भेजा गया है. उन्होंने बताया कि दूल्हा को आज सुबह अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी जबकि अन्य की हालत स्थिर बताई जा रही है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा आरोपी की खोज शुरू की कर दी गई है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu