अभिनेता प्रकाश राज ऑनलाइन सट्टेबाजी मामले में ईडी के समक्ष हुए पेश

हैदराबाद. अभिनेता प्रकाश राज कुछ मंच द्वारा अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी किए जाने से जुड़े धन शोधन मामले में पूछताछ के लिए बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों के समक्ष पेश हुए. तेलुगु, कन्नड़ और अन्य दक्षिण भारतीय फिल्मों से पहचान बनाने वाले अभिनेता ईडी के यहां जोनल कार्यालय में पूछताछ के लिए पेश हुए.

राज से करीब चार घंटे तक पूछताछ की गयी. अभिनेता ने कहा कि उन्होंने 2016 में ऐप्स के साथ यह काम किया था, लेकिन नैतिक आधार पर इसके लिए कोई पैसा नहीं लिया. उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने ऐप्स का प्रचार बंद कर दिया था. उन्होंने पत्रकारों से कहा, ”मैंने उन्हें जानकारी दी कि मुझे (प्रचार के लिए) कोई पैसा नहीं मिला क्योंकि मैं इसके लिए कोई पैसा नहीं लेना चाहता था. उन्होंने (ईडी अधिकारियों ने) सारी जानकारी ली है.” यह पूछे जाने पर कि क्या जांच राजनीति से प्रेरित है तो उन्होंने इससे इनकार किया.

उन्होंने कहा, ”अधिकारी अपना काम कर रहे हैं. एक नागरिक होने के नाते, मुझे सहयोग करना चाहिए और उनके सवालों का जवाब देना चाहिए. इसमें किसी भी तरह का कोई राजनीतिक उद्देश्य या पक्षपात नहीं है.” राज ने कहा कि उन्हें पूछताछ के लिए फिर से पेश होने को नहीं कहा गया है.

इस मामले में प्रकाश राज के अलावा ईडी ने अभिनेताओं राणा दग्गुबाती एवं विजय देवरकोंडा और अभिनेत्री लक्ष्मी मांचू को भी समन जारी किया है. जांच एजेंसी ने पहले राणा दग्गुबाती (40) को यहां जोनल कार्यालय में 23 जुलाई को, राज (60) को 30 जुलाई, देवरकोंडा (36) को छह अगस्त और लक्ष्मी (47) को 13 अगस्त को पेश होने के लिए कहा था. हालांकि, ईडी ने अभिनेता दग्गुबाती को उसके समक्ष पेश होने के लिए 11 अगस्त की नयी तारीख दी है क्योंकि वह 23 जुलाई को पेश नहीं हुए थे और उन्होंने समन स्थगित करने क अनुरोध किया था.

ईडी के सूत्रों के अनुसार, इन कलाकारों ने कथित तौर पर ”अवैध” निधि अर्जित करने में शामिल ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप का ”प्रचार” किया था. पेशी के दौरान एजेंसी द्वारा धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत अभिनेताओं के बयान दर्ज किए जाने की संभावना है.

प्रवर्तन निदेशालय ने इन अभिनेताओं और कई अन्य हस्तियों तथा सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के खिलाफ पांच राज्यों की पुलिस की प्राथमिकियों का संज्ञान लेते हुए यह मामला दर्ज किया है. ईडी सूत्रों ने बताया कि इन लोगों पर ‘जंगली रम्मी’, ‘जीतविन’, ‘लोटस365’ जैसे ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप्स का ”प्रचार” करने का संदेह है.

सूत्रों ने बताया कि इन प्लेटफॉर्म पर अवैध सट्टेबाजी और जुए के जरिए करोड़ों रुपये की ”अवैध” धनराशि अर्जित करने का आरोप है.
उन्होंने बताया था कि इनमें से कुछ ”जानी-मानी” हस्तियों ने पहले यह बयान दिया है कि उन्हें इन ऐप के वास्तविक संचालन की पूरी जानकारी नहीं थी और उन्होंने दावा किया कि वे सट्टेबाजी जैसी किसी भी गलत या अवैध गतिविधि के लिए इन मंच से नहीं जुड़े थे.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button