अभिनेता रणवीर सिंह ने बांद्रा में 119 करोड़ रुपये में फ्लैट खरीदा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 11 Jul 2022 08:50 PM
अभिनेता रणवीर सिंह ने बांद्रा में 119 करोड़ रुपये में फ्लैट खरीदा
ऑडियो सुनें

मुंबई. अभिनेता रणवीर सिंह ने देश के सबसे बड़े आवासीय अपार्टमेंट सौदों में से एक में 119 करोड़ रुपये में बांद्रा के उपनगरीय इलाके में एक विशाल फ्लैट खरीदा है. रणवीर के इस नए घर से समुद्र का नजारा दिखता है. अभिनेता ने बैंडस्टैंड की एक इमारत ‘सागर रेशम’ की 16, 17, 18 और 19वीं मंजिल को खरीदा है जो शाहरुख खान के बंगले ‘मन्नत’ और सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट के बीच है.

ओह फाइव ओह मीडिया वर्क्स एलएलपी कंपनी के निदेशक के रूप में सिंह और उनके पिता जुगजीत भवनानी ने उस भवन में अपार्टमेंट खरीदा है जिसके पुर्निनर्माण का काम चल रहा है. सूत्रों ने बताया कि सौदे में इस बात पर सहमति बनी है कि बिल्डर अभिनेता की पसंद के अनुसार चार मंजिलें बनाएगा. सिंह के प्रतिनिधियों को भेजे गए प्रश्नों का कोई जवाब नहीं मिला.

सूत्रों ने कहा कि लेनदेन के लिए सात करोड़ रुपये से अधिक की स्टांप ड्यूटी का भुगतान किया गया है, जिसमें 11,266 वर्ग फुट जगह की खरीद, एक विशेष 1,300 वर्ग फुट की छत और 19 पार्किंग स्थल शामिल हैं. प्रति वर्ग फुट की कीमत लगभग एक लाख रुपये है.
ऐसी संभावना है कि यह क्वाड्रुप्लेक्स सिंह और उनकी अभिनेत्री पत्नी दीपिका पादुकोण का मुख्य घर होगा. सूत्रों ने कहा कि वे करीब तीन साल से जुहू और बांद्रा इलाकों में एक स्वतंत्र बंगले की तलाश कर रहे थे, जहां बहुत सारी हस्तियां रहती हैं.

पिछले साल इस जोड़े ने अलीबाग में 22 करोड़ रुपये में एक और घर खरीदा था. सूत्रों ने कहा कि फिलहाल ‘सागर रेशम’ के पास ऐसे बड़े नाम नहीं हैं जो स्टार जोड़ी के पड़ोसी होंगे. संपर्क करने पर रियल इस्टेट कंसल्टेंसी फर्म जेएलएल इंडिया के वरिष्ठ निदेशक और आवासीय सेवाओं के प्रमुख (पश्चिम) रितेश मेहता ने कहा कि अभिनेता ने जितने रकम का भुगतान किया है वह बाजार के रुझान के अनुसार है. इस स्थान पर एक संपत्ति की कीमत 90,000 रुपये से 1.10 लाख रुपये प्रति वर्ग फुट है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu