सत्ता में आने के बाद देशभर में जातिगत जनगणना कराएंगे : राहुल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 31 Jan 2024 09:06 PM
ऑडियो सुनें

मालदा. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने बुधवार को कहा कि यदि आगामी लोकसभा चुनाव में उनकी पार्टी केंद्र की सत्ता में आती है तो देशभर में जाति आधारित गणना कराई जाएगी. पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के तहत एक रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ (आरएस­एस) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर नफरत और हिंसा फैलाने का आरोप लगाया.

उन्होंने कहा, ”हम सामाजिक न्याय चाहते हैं और इसका सबसे बड़ा पहलू देशव्यापी जाति आधारित गणना होगी. केंद्र की सत्ता में आने के बाद हम दलितों, आदिवासियों और अन्य पिछड़े समुदायों के लोगों की संख्या का पता लगाने के लिए देशभर में जाति आधारित गणना कराएंगे.” गांधी ने पड़ोसी राज्य बिहार में मंगलवार को आरोप लगाया था कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महागठबंधन के सहयोगियों के दबाव में जाति सर्वेक्षण कराने का आदेश दिया था, जिसके बाद वह खुद को फंसा हुआ महसूस कर रहे थे और भाजपा ने उन्हें बाहर निकलने का रास्ता दिया.

भाजपा और आरएसएस पर नफरत और हिंसा फैलाने का आरोप लगाते हुए गांधी ने यात्रा के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा, ”यात्रा में न्याय शब्द जोड़ा गया क्योंकि देशभर में अन्याय हो रहा है.” उन्होंने कहा, ”भाजपा सरकार देशभर में लोगों के साथ अन्याय कर रही है फिर चाहे वे युवा हो, महिलाएं या फिर कामकाजी तबका.” आगामी लोकसभा चुनाव के लिए पश्चिम बंगाल में सीट बंटवारे को लेकर तृणमूल कांग्रेस के साथ मतभेदों के बीच गांधी ने रविवार को उत्तरी पश्चिम बंगाल में राज्य के लोगों से देश में व्याप्त अन्याय के विरुद्ध एक ‘वैचारिक लड़ाई’ का नेतृत्व करने का आह्वान किया.

पश्चिम बंगाल के लोगों का आभार जताते हुए गांधी ने कहा, ”पश्चिम बंगाल के लोग विचारोन्मुखता के लिए जाने जाते हैं. नफरत की विचारधारा के खिलाफ खड़ा होना आपकी जिम्मेदारी है. रवीन्द्रनाथ टैगोर, सुभाष चंद्र बोस और अमर्त्य सेन जैसी शख्सियतें बंगाल की देन हैं.”

कांग्रेस ने ‘अग्निपथ’ योजना के खिलाफ शुरू किया ‘जय जवान’ अभियान

कांग्रेस ने सेना में भर्ती की नयी योजना ‘अग्निपथ’ के खिलाफ लोगों में जागरुकता पैदा करने के मकसद से बुधवार को ‘जय जवान’ अभियान शुरू किया. पार्टी का यह आग्रह भी है कि वर्ष 2019-22 के दौरान थलसेना, नौसेना और वायुसेना में चयनित करीब डेढ. लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र देकर उनकी भर्ती सुनिश्चित की जाए.

पार्टी के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने संवाददाताओं से कहा, ”जंग तो हथियारों से लड़ी जाती है, लेकिन जीती हौसलों से जाती है. ‘अग्निपथ’ योजना सेना के मनोबल को गिरा रही है, लाखों जवानों के सपनों पर हमला कर रही है. आप घर-गाड़ी किराए पर ले सकते हैं, लेकिन फौजी को किराए पर नहीं ले सकते.” उन्होंने सवाल किया, ”अगर सीमा पर खड़े जवान को ये विश्वास नहीं होगा कि उसके बाद उसके परिवार का क्या होगा… फिर वो कैसे लड़ेगा?” खेड़ा ने कहा कि ‘अग्निपथ’ एक ऐसी योजना है जो सेना की पिछले 70 वर्षों में बनी संरचना को छिन्न-भिन्न कर रही है. उन्होंने दावा किया कि युवाओं के सपनों को कुचला जा रहा है.

कांग्रेस के पूर्व-सैनिक विभाग के प्रमुख कर्नल (सेवानिवृत्त) रोहित चौधरी ने कहा कि ‘जय जवान’ अभियान देश के जवानों को न्याय दिलाने के लिए शुरू किया गया है. उन्होंने कहा, ” हम ‘अग्निपथ’ योजना के खिलाफ आवाज उठाएंगे. अब देश में माहौल बना है कि ‘अग्निपथ’ योजना से निजात चाहिए. हम इसको लेकर जागरुकता पैदा करने के लिए यह अभियान शुरू कर रहे हैं.” कांग्रेस इस योजना के तहत जनसंपर्क करेगी और विशेष रूप से युवाओं को साथ जोड़ने की कोशिश करेगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu