सर्वदलीय बैठक के बाद रीजीजू ने कहा: ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर राजनीतिक सहमति

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 08 May 2025 08:24 PM
सर्वदलीय बैठक के बाद रीजीजू ने कहा: ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर राजनीतिक सहमति
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने बृहस्पतिवार को कहा कि सरकार द्वारा बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में सभी राजनीतिक दलों के नेताओं ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) के आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाकर चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के समर्थन में एकजुटता प्रकट की और निर्णायक कार्रवाई के लिए सशस्त्र बलों को बधाई दी. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नेताओं को सशस्त्र बलों द्वारा की गई कार्रवाई के बारे में जानकारी दी, लेकिन ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बारे में विवरण साझा करने से इनकार कर दिया और कहा कि कार्रवाई अभी जारी है.

संसदीय कार्य मंत्री रीजीजू ने करीब 90 मिनट की बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा, ”विपक्ष की ओर से कुछ सवाल थे, लेकिन रक्षा मंत्री ने कहा कि यह एक जारी अभियान है, इसलिए हर घटनाक्रम पर अलग से ब्रीफिंग नहीं की जा सकती.” उन्होंने कहा, ”यह बैठक एक व्यापक राजनीतिक सहमति बनाने के लिए बुलाई गई थी. सभी नेताओं ने ऐसे समय में परिपक्वता दिखाई है जब देश बड़ी चुनौतियों का सामना कर रहा है.” उनके अनुसार, नेताओं ने राष्ट्रीय सुरक्षा और सभी भारतीयों की सुरक्षा के मुद्दे पर, खासकर सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा को लेकर अपनी चिंताओं को भी साझा किया, लेकिन सरकार को पूरा समर्थन देते हुए उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ इस लड़ाई में राष्ट्र एकजुट है.

रीजीजू ने कहा, ”पूरा देश, सरकार और सशस्त्र बलों के साथ एकजुट है.” उनके अनुसार, रक्षा मंत्री ने बैठक में कहा, ”हम सिर्फ सरकार बनाने के लिए राजनीति नहीं करते, बल्कि राष्ट्र निर्माण के लिए भी करते हैं.” उन्होंने कहा कि सभी नेताओं ने एक स्वर में बात की और परिपक्वता दिखाई तथा सरकार और सशस्त्र बलों को पूरा सहयोग देने का वादा किया. मंत्री ने कहा, ”नेताओं ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत की गई कार्रवाई के लिए सशस्त्र बलों को बधाई भी दी.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu