आगरा के करीब वायुसेना का मिग-29 विमान दुर्घटनाग्रस्त, पायलट सुरक्षित

आगरा/नयी दिल्ली. भारतीय वायुसेना का लड़ाकू विमान मिग-29 सोमवार को उत्तर प्रदेश के आगरा में नियमित प्रशिक्षण के दौरान ”तकनीकी खराबी” की वजह से दुर्घटनाग्रस्त हो गया. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. वायुसेना एक अधिकारी ने बताया कि विमान में तकनीकी खराबी आने के बाद पायलट ने पहले सुनिश्चित किया कि जमीन पर जान-माल को क्षति नहीं हो और इसके बाद सुरक्षित बाहर निकल आया. उन्होंने बताया कि हादसे के कारण का पता लगाने के लिए ‘कोर्ट ऑफ इंक्वायरी’ के आदेश दिये गए हैं.

सोशल मीडिया मंच पर कुछ तस्वीरें सामने आईं, जिनमें दुर्घटनाग्रस्त विमान का ढांचा आग की लपटों में घिरा हुआ दिखाई दे रहा है और धुएं के का गुब्बार उठ रहा है. खेत में गिरे विमान को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जमा हो गये. वायुसेना ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ के अपने आधिकारिक अकाउंट पर जानकारी दी,”भारतीय वायुसेना का एक मिग-29 विमान आज नियमित प्रशिक्षण उड़ान के दौरान प्रणाली में आई खराबी की वजह से आगरा के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया. पायलट ने सुनिश्चित किया कि जमीन पर जान-माल को कोई नुकसान न पहुंचे, फिर वह सुरक्षित तरीके से विमान से बाहर निकल गया. दुर्घटना के कारण का पता लगाने के लिए भारतीय वायुसेना ने जांच के आदेश दे दिए हैं.” इससे पहले दो सितंबर को राजस्थान के बाड़मेर में ‘गंभीर’ तकनीकी खामी की वजह से भी वायुसेना का एक अन्य मिग-29 दुर्घनाग्रस्त हो गया था. इस हादसे में पायलट सुरक्षित निकल आया था और जान-माल की कोई हानि नहीं हुई थी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button