ईरान की कोयला खदान में विस्फोट के बाद फंसे सभी श्रमिकों की मौत, मृतक संख्या बढ़ कर हुई 49

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 24 Sep 2024 07:53 PM
ईरान की कोयला खदान में विस्फोट के बाद फंसे सभी श्रमिकों की मौत, मृतक संख्या बढ़ कर हुई 49
ऑडियो सुनें

तेहरान. ईरान ने मंगलवार को कहा कि देश के पूर्वी भाग में एक कोयला खदान में हुए विस्फोट में फंसे शेष श्रमिकों की भी संभवत: मौत हो गई होगी, जिससे इस घटना में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़ कर 49 हो गई है. प्रांतीय आपातकालीन अधिकारी मोहम्मद अली अखौंदी ने तबास स्थित खदान में जान गंवाने वाले खनिकों की अद्यतन संख्या की जानकारी दी.

शनिवार को राजधानी तेहरान से लगभग 540 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व स्थित तबास स्थित कोयला खदान में मीथेन गैस रिसाव के कारण विस्फोट हो जाने के बाद से खदान के अंदर मौजूद खनिकों की संख्या अलग-अलग बताई जा रही थी. हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है कि निजी स्वामित्व वाली तबास परवदेह 5 खदान में क्या सुरक्षा प्रक्रियाएं अपनाई गई थीं. इस खदान का संचालन मंदानजू कंपनी द्वारा किया जा रहा है. घटना पर टिप्पणी के लिए कंपनी से संपर्क नहीं हो सका है.

मंगलवार को संसद की खदान समिति की एक सदस्य ने कहा कि खदान की सुरक्षा प्रणाली काम नहीं कर रही थी और ”यहां तक ??कि केंद्रीय आपात सूचना प्रणाली भी ठप थी, या वह थी ही नहीं.” सांसद जहरा सईदी ने कहा कि श्रमिकों को आपदा से ठीक पहले सुरक्षा से जुड़ी समस्या के बारे में पता चला, लेकिन वे समय पर बाहर नहीं आ सकें. उन्होंने कहा कि मृतकों में से दो खदान में स्वास्थ्य और सुरक्षा विशेषज्ञ थे.

संयुक्त राष्ट्र महासभा में शामिल होने के लिए न्यूयॉर्क में मौजूद ईरान के नये राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने कहा है कि उन्होंने खदान में फंसे लोगों को बचाने और उनके परिवारों की मदद करने के लिए हरसंभव प्रयास करने का आदेश दिया था. उन्होंने यह भी कहा कि विस्फोट की जांच की जा रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu