‘अमर अकबर एंथनी’ के पटकथा लेखक प्रयाग राज का 88 साल की उम्र में निधन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 24 Sep 2023 08:21 PM
‘अमर अकबर एंथनी’ के पटकथा लेखक प्रयाग राज का 88 साल की उम्र में निधन
ऑडियो सुनें

मुंबई. वरिष्ठ पटकथा लेखक प्रयाग राज का उम्र संबंधी समस्याओं के कारण निधन हो गया है. उन्हें महानायक अमिताभ बच्चन अभिनीत ‘अमर अकबर एंथनी’, ‘नसीब’ और ‘कूली’ जैसी फिल्मों की पटकथा लिखने के लिए जाना जाता है. वह 88 साल के थे. उनके बेटे आदित्य के मुताबिक, लेखक का शनिवार शाम उनके बांद्रा स्थित आवास पर निधन हो गया.

आदित्य ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ह्ल उनका बांद्रा स्थित उनके आवास पर शनिवार शाम चार बजे निधन हो गया. उन्हें आठ से दस साल से कई बीमारियां थीं जिनमें हृदय रोग और उम्र से संबंधित समस्याएं शामिल थीं.ह्व राज ने बच्चन की “नसीब”, “सुहाग” और “कुली” और “मर्द” की कहानी लिखी थी. उन्होंने लेखक के तौर पर 100 से अधिक फिल्मों की कहानी लिखी जबकि कुछ फिल्मों के लिए गाने भी लिखे.

उन्होंने राजेश खन्ना की “रोटी”, धर्मेंद्र-जीतेंद्र की “धरम वीर” और “अमर अकबर एंथनी” की पटकथा में योगदान देने के अलावा, बच्चन, रजनीकांत और कमल हासन- अभिनीत “गिरफ्तार” की भी कहानी लिखी थी. लेखक के तौर पर उनकी आखिरी फिल्म ‘जमानत’ थी जिसे रिलीज नहीं किया गया है. इस फिल्म का निर्देशन एस रामनाथन ने किया है. राज का अंतिम संस्कार रविवार सुबह यहां दादर के शिवाजी पार्क स्थित श्मशान घाट पर किया गया. इसमें उनके परिवार और फिल्म जगत के लोग शामिल हुए.

बच्चन ने अपने निजी ब्लॉग पर राज को श्रद्धांजलि अर्पित की. वरिष्ठ अभिनेता ने रविवार को कहा, ” कल शाम हमने महान फिल्म जगत के एक और स्तंभ को खो दिया.” प्रयाग राज द्वारा लिखित “हिफाजत” में काम करने वाले अनिल कपूर ने कहा कि वह उनके निधन से दुखी हैं और उन्होंने उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की. ‘अमर अकबर एंथनी’ में काम कर चुकीं जानीमानी अभिनेत्री शबाना आजमी ने कहा कि राज के निधन की खबर सुनकर उन्हें दुख हुआ.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu