आंध्र प्रदेश: विवाहित व्यक्ति ने नाबालिग लड़की को जिंदा जलाया

बडवेल. आंध्र प्रदेश के बडवेल में 16 वर्षीय लड़की को कथित तौर पर उसके पूर्व प्रेमी ने जलाकर मार डाला. पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी. पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपी व्यक्ति ने कुछ महीने पहले नाबालिग से रिश्ता तोड़ लिया था और अन्य महिला से शादी कर ली थी. उन्होंने कहा कि आरोपी जे. विग्नेश ने कडप्पा जिले के बडवेल के बाहरी इलाके में नाबालिग के ऊपर कथित तौर पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी.

म्यदुकुरु के उप-विभागीय पुलिस अधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ”विग्नेश ने शनिवार सुबह करीब 10 बजे नाबालिग को आग लगा दी, जिसके बाद पीड़िता को कडप्पा स्थित आरआईएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन रविवार तड़के करीब तीन बजे उसकी मौत हो गई.” पुलिस के अनुसार, विग्नेश और लड़की के बीच प्रेम संबंध में थे, लेकिन विग्नेश ने उससे रिश्ता तोड़कर दूसरी महिला से शादी कर ली.

इसने कहा, ह्ललड़की ने छह महीने पहले विग्नेश से बात की थी और उससे शादी करने के लिए कहा था. विग्नेश ने उसकी मांग से तंग आकर उसे आग के हवाले कर दिया.” पुलिस ने बताया कि विग्नेश पर यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. इसने कहा कि आरोपी विग्नेश फरार है और उसे पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं.
इस बीच, मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने घटना को ”अत्यंत दुखद घटना” करार दिया.

उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ”घटना बहुत दुखद है. जिला अधिकारियों ने बताया है कि आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है.” मुख्यमंत्री ने इसके अलावा अधिकारियों को आरोपी व्यक्ति को कड़ी सजा दिलाने के लिए तेजी से जांच पूरी करने का निर्देश दिया.
उन्होंने कहा, ”पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हत्यारे को कानून के अनुसार जल्द से जल्द सजा दी जाए. इसलिए, मैंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे इस मामले की सुनवाई एक विशेष अदालत में तेजी से हो, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि अपराधी को मौत की सजा मिले.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button