हैदराबाद बलात्कार मामले में एक और नाबालिग को पकड़ा गया, राज्यपाल ने मांगी रिपोर्ट

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 05 Jun 2022 09:56 PM
हैदराबाद बलात्कार मामले में एक और नाबालिग को पकड़ा गया, राज्यपाल ने मांगी रिपोर्ट
ऑडियो सुनें

हैदराबाद. हैदराबाद पुलिस ने जुबली हिल्स में 17 वर्षीय एक लड़की के साथ सामूहिक बलात्कार में शामिल होने के आरोप में रविवार को एक अन्य किशोर को पकड़ लिया. इस बीच, तेलंगाना की राज्यपाल तमिलिसाई सौंदरराजन ने इस मामले के संबंध में राज्य के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक से दो दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है. पुलिस इस मामले में अब तक 18 वर्षीय एक युवक और तीन अन्य किशोरों को पकड़ चुकी है. इसके अलावा पुलिस बलात्कार में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश कर रही है, जो फरार है.

बलात्कार के आरोपियों में से एक प्रभावशाली नेता का बेटा बताया जा रहा है. ऐसे में विपक्षी भाजपा और कांग्रेस ने इस मामले की सीबीआई जांच की मांग को लेकर दबाव बढ़ा दिया है. हैदराबाद के पश्चिम जोन के पुलिस उपायुक्त जोल डेविस ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ‘‘इस मामले के तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के क्रम में जुबली हिल्स पुलिस ने आज यानी 05-06-2022 को एक अन्य किशोर को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी किशोर को माननीय किशोर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है ताकि उसे हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा सके.’’ पुलिस उपायुक्त के मुताबिक, पांच आरोपियों में से एक वयस्क और तीन किशोरों को पकड़ लिया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी को पकड़ने के प्रयास जारी हैं. पुलिस इस मामले की विस्तृत जांच कर रही है.

पुलिस ने तीन जून को कहा था कि किशोरी 28 मई को दिन के समय पार्टी के लिए किसी पब में गयी थी और तीन किशोरों समेत पांच लोगों ने एक कार में उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया था. राज्यपाल सौंदरराजन के प्रेस सचिव ने रविवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि राज्यपाल इस जघन्य घटना से बहुत दुखी हैं.

राज्यपाल के प्रेस सचिव ने कहा, ‘‘इस जघन्य घटना पर गहरा दुख जताते हुए राज्यपाल ने मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को इस मामले पर दो दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का आदेश दिया है.’’ इस घटना को लेकर तेलंगाना में राजनीति भी तेज हो गयी है और सत्तारूढ़ तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) की सरकार को कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ रहा है. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस ने इस घटना की सीबीआई जांच कराने की मांग की है, ताकि निष्पक्ष जांच हो. भाजपा विधायक एम रघुनंदन राव ने संवाददाता सम्मेलन में कुछ तस्वीरें दिखाकर आरोप लगाया था कि यह आॅल इंडिया मजलिस-ए- इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के एक विधायक के बेटे की इस मामले में ‘संलिप्तता’ को दिखाता है.

बच्ची का यौन शोषण करने के आरोप में कैब चालक समेत दो गिरफ्तार
हैदराबाद पुलिस ने 11 वर्षीय एक बच्ची का अपहरण करने और उसका यौन उत्पीड़न करने के आरोप में एक कैब चालक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी. यह घटना ऐसे समय में हुई है जब एक नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले को लेकर शहर के लोगों में बेहद नाराजगी और गुस्सा है.

लड़की के परिजनों ने 31 मई को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह लापता है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी. एक जून को गश्त करने वाले पुलिसर्किमयों ने उसे ढूंढ लिया और उसकी पहचान करने पर पता चला कि वह लापता लड़की ही थी. इसके बाद लड़की को बयान दर्ज कराने के लिए ले जाया गया.

पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक लड़की के बयान के अनुसार 31 मई की शाम को वह अपने घर जा रही थी. रास्ते में उसे कैब चालक ने अपनी टैक्सी में बैठने का लालच दिया और एक अन्य आरोपी की मदद से उसे एक जगह ले गया जहां लड़की का यौन उत्पीड़न किया गया. पुलिस ने दोनों आरोपियों को एक स्थानीय अदालत में पेश कर उन्हें रिमांड पर ले लिया.

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu