बंगाल पुलिस के अलावा CBI, ED भी शाहजहां शेख को गिरफ्तार कर सकती है : कलकत्ता उच्च न्यायालय

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 28 Feb 2024 08:10 PM
बंगाल पुलिस के अलावा CBI, ED भी शाहजहां शेख को गिरफ्तार कर सकती है : कलकत्ता उच्च न्यायालय
ऑडियो सुनें

कोलकाता. कलकत्ता उच्च न्यायालय ने बुधवार को निर्देश दिया कि संदेशखालि में महिलाओं पर यौन अत्याचार और जमीन हड़पने के मामले के मुख्य आरोपी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के नेता शाहजहां शेख को पश्चिम बंगाल पुलिस के अलावा केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) भी गिरफ्तार कर सकती है.

राज्य महाधिवक्ता की अर्जी पर अदालत ने 26 फरवरी को जारी अपने आदेश को स्पष्ट किया, जिसमें पुलिस को शेख की गिरफ्तारी का आदेश दिया गया था. मुख्य न्यायाधीश टी.एस. शिवगणनम की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने स्पष्ट किया कि अदालत ने सात फरवरी के अपने आदेश में केवल ईडी अधिकारियों पर हमले की जांच के लिए एकल पीठ द्वारा सीबीआई और पश्चिम बंगाल पुलिस के संयुक्त विशेष जांच दल (एसआईटी) के गठन पर रोक लगाई थी.

खंडपीठ ने पाया कि शेख काफी समय से फरार है, जिसके बाद अदालत ने निर्देश दिया कि उसे गिरफ्तार करने के लिए सीबीआई और ईडी भी स्वतंत्र हैं. पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखालि में पांच जनवरी को लगभग एक हजार लोगों की भीड़ ने ईडी के अधिकारियों पर उस वक्त हमला कर दिया था जब वे राज्य में कथित राशन वितरण घोटाले की जांच के सिलसिले में शेख के परिसर पर छापेमारी के लिए गये थे.

शुभेंदु अधिकारी का दावा; शाहजहां शेख पुलिस की ‘सुरक्षित हिरासत’ में, टीएमसी ने आरोपों को नकारा

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पश्चिम बंगाल इकाई के नेता शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को दावा किया कि संदेशखालि के भगोड़े तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेता शाहजहां शेख कल रात से राज्य पुलिस की ‘सुरक्षित हिरासत’ में हैं. वहीं सत्तारूढ. टीएमसी ने शुभेंदु के दावे को ‘निराधार’ व ‘कानून-व्यवस्था को बिगाड़ने का प्रयास’ करार देते हुए खारिज कर दिया और जोर देते हुए कहा कि पुलिस शेख को पकड़ने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है. नंदीग्राम से विधायक अधिकारी ने ‘एक्स’ पर दावा किया कि शेख मध्यरात्रि 12 बजे से पुलिस हिरासत में है.

अधिकारी ने कहा, ”प्रभावशाली मध्यस्थों के माध्यम से पुलिस के साथ समझौता कर शेख को बरमाजुर ग्राम पंचायत से ले जाया गया. शेख को पुलिस और न्यायिक हिरासत के दौरान उचित देखभाल के समझौते के तहत हिरासत में लिया गया.” उन्होंने दावा किया, ”शेख को सलाखों के पीछे रहने के दौरान पांच सितारा होटल वाली सुविधाएं प्रदान की जाएंगी और उसे एक मोबाइल फोन भी दिया जाएगा, जिसके माध्यम से वह टीएमसी के नेताओं से संपर्क कर सकेगा. और तो और शेख को वुडबर्न वार्ड (सरकारी एसएसकेएम अस्पताल) में एक बिस्तर भी उपलब्ध कराया जाएगा अगर वह वहां कुछ समय बिताना चाहें तो बिता सकता है, जिसे तैयार कर खाली रखा गया है.”

टीएमसी प्रवक्ता कुणाल घोष ने दो दिन पहले एक बयान में कहा था कि शेख को एक हफ्ते के भीतर गिरफ्तार कर लिया जाएगा, जिसके बाद अधिकारी ने यह दावा किया है. वहीं टीएमसी नेता शांतनु सेन ने अधिकारी के दावे को निराधार करार दिया. उन्होंने कहा, ”खबरों में बने रहने के लिए अधिकारी समय-समय पर ऐसे दावे करते रहते हैं, जो न केवल निराधार होते हैं बल्कि कानून-व्यवस्था को बिगाड़ने का प्रयास भी हैं. हम उनकी टिप्पणियों को गंभीरता से नहीं लेते. पुलिस शेख को पकड़ने के लिए उसी प्रकार हरसंभव कोशिश कर रही है जैसे अन्य आरोपियों शिबप्रसाद हाजरा और उत्तम सरदार को गिरफ्तार किया गया था.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu