अश्विन की वनडे टीम में वापसी, विश्वकप टीम में भी बना सकते हैं जगह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 18 Sep 2023 10:28 PM
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. अनुभवी स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला के लिए सोमवार को भारतीय टीम में शामिल किया गया और अगर अक्षर पटेल आईसीसी की समय सीमा तक फिट नहीं हो पाते तो उन्हें या वाशिंगटन सुंदर को विश्वकप टीम में भी जगह मिल सकती है.

कप्तान रोहित शर्मा, स्टार बल्लेबाज विराट कोहली, ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या और शानदार फॉर्म में चल रहे स्पिनर कुलदीप यादव सहित सीनियर खिलाड़ियों को पहले दो मैचों से विश्राम दिया गया है. अश्विन ने अपना अंतिम वनडे मैच जनवरी 2022 में दक्षिण अफ्रीका में खेला था. अगर अक्षर पटेल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) द्वारा तय की गई 28 सितंबर की समय सीमा तक फिट नहीं हो पाते हैं तो अश्विन को विश्व कप के लिए भारतीय टीम में शामिल किया जा सकता है.

अक्षर श्रीलंका में खेले गए एशिया कप के दौरान चोटिल हो गए थे. इस कारण वह श्रीलंका के खिलाफ रविवार को खेले गए फाइनल में भी नहीं खेल पाए थे. एशिया कप के फाइनल में अक्षर की जगह टीम में लिए गए ऑफ स्पिनर वाशिंगटन सुंदर को भी तीनों मैचों के लिए टीम में शामिल किया गया है और वह विश्वकप के लिए एक अन्य विकल्प होंगे.

केएल राहुल पहले दो मैचों में टीम की अगुवाई करेंगे जबकि रोहित तीसरे और अंतिम वनडे में टीम की कमान संभालेंगे. पांच अक्टूबर से शुरू होने वाले विश्वकप से पहले इस मैच में सभी प्रमुख खिलाड़ी हिस्सा लेंगे. अंतिम वनडे के लिए अश्विन और सुंदर के अलावा उन खिलाड़ियों को चुना गया है जो विश्व कप में खेलेंगे.

चयन समिति के अध्यक्ष अजित अगरकर ने कहा कि अगर अक्षर सही समय तक फिट नहीं हो पाते हैं तो अश्विन और सुंदर में से किसी एक को विश्व कप टीम में शामिल किया जा सकता है. उन्होंने कहा,” अश्विन और वाशिंगटन के रूप में हमारे पास दो विकल्प हैं. हम अक्षर की चोट की स्थिति का पता लगने के बाद ही कोई फैसला करेंगे. यदि जरूरत पड़ी तो हम किसी अन्य खिलाड़ी को शामिल करने के बारे में सोचेंगे लेकिन अभी इस पर कयास लगाने की जरूरत नहीं है क्योंकि हमें उम्मीद है कि अक्षर फिट हो जाएंगे.”

अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति ने इस महीने के शुरू में विश्व कप के लिए जब 15 सदस्यीय टीम का चयन किया था तो उसमें एक भी ऑफ स्पिनर नहीं रखने पर सवाल उठाए गए थे. सोमवार को टीम की घोषणा के बाद कप्तान रोहित से पूछा गया कि अगर अश्विन विश्व कप के लिए योजना का हिस्सा थे तो फिर उन्हें एशिया कप के लिए टीम में क्यों नहीं रखा गया. इस पर भारतीय कप्तान ने कहा कि अश्विन को कुछ साबित नहीं करना है और उन्हें जरूरत पड़ने पर सीधे टीम में शामिल किया जा सकता है.

अश्विन को 2017 में चैंपियंस ट्रॉफी के बाद भारत की वनडे टीम से बाहर कर दिया गया था. उन्होंने पिछले साल जनवरी में दक्षिण अफ्रीका में खेली गई श्रृंखला के लिए साढ.े चार साल बाद वनडे टीम में वापसी की थी लेकिन इसके बाद उन्हें फिर से बाहर कर दिया गया था.

चोटों से जूझने वाले श्रेयस अय्यर को तीनों मैचों के लिए टीम में लिया गया है. वह पीठ में जकड़न के कारण एशिया कप में केवल दो मैच खेल पाए थे. भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला एकदिवसीय मैच 22 सितंबर को मोहाली में खेला जाएगा. दूसरा मैच 24 सितंबर को इंदौर और तीसरा मैच 27 सितंबर को राजकोट में खेला जाएगा.

इसके बाद भारतीय टीम 30 सितंबर को इंग्लैंड और तीन अक्टूबर को नीदरलैंड के खिलाफ विश्व कप के अभ्यास मैच खेलेगी. विश्व कप में उसका पहला में आठ अक्टूबर को आस्ट्रेलिया के खिलाफ चेन्नई में होगा.

पहले दो वनडे के लिए भारतीय टीम : केएल राहुल (कप्तान), रविंद्र जडेजा (उप-कप्तान), रुतुराज गायकवाड़, शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, इशान किशन (विकेटकीपर), शार्दुल ठाकुर, वाशिंगटन सुंदर, आर अश्विन ,जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा.

तीसरे वनडे के लिए भारतीय टीम: रोहित शर्मा (कप्तान), हार्दिक पंड्या, (उप-कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव, केएल राहुल (विकेटकीपर), इशान किशन (विकेटकीपर), रविंद्र जड़ेजा, शार्दुल ठाकुर, अक्षर पटेल (फिटनेस के आधार पर), वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, आर अश्विन, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu