IND vs NZ Cricket: भारत ने न्यूजीलैंड को 192 रन का लक्ष्य दिया, ईशान-श्रेयस ने जड़े अर्धशतक; मिल्ने को चार विकेट

Author: Navabharat News Group
UPDATED: Sun, 01 Nov 2026 02:40 PM
IND vs NZ Cricket: भारत ने न्यूजीलैंड को 192 रन का लक्ष्य दिया, ईशान-श्रेयस ने जड़े अर्धशतक; मिल्ने को चार विकेट
ऑडियो सुनें

भारत ने न्यूजीलैंड के सामने 192 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 191 रन बनाए। ईशान किशन और श्रेयस अय्यर एक वक्त जब बल्लेबाजी कर रहे थे, तब लग रहा था कि भारत 200 के पार स्कोर बनाएगा, लेकिन 21 रन बनाने में तीन विकेट गंवाने से भारत 200 के पार नहीं पहुंच सका। कीवियों ने कई कैच छोड़ और फील्डिंग खराब रही। इस मैच में श्रेयस और नमन के आसान कैच छूटे।

भारत की पारी
ईशान ने 32 गेंद में पांच चौके और पांच छक्के की मदद से 61 रन की पारी खेली। वहीं, कप्तान श्रेयस ने 23 गेंद में तीन चौके और चार छक्कों की मदद से 50 रन बनाए। इन दोनों के बीच 93 रन की साझेदारी हुई। एक वक्त भारत का स्कोर दो विकेट पर 112 रन था। 112 पर ईशान आउट हुए और 133 रन तक आते-आते भारत के पांच विकेट गिर चुके थे।

ईशान और श्रेयस के अलावा नमन धीर ने 23 गेंद में चार चौके और एक छक्के की मदद से 33 रन बनाए। वहीं, नीतीश रेड्डी 17 गेंद में 22 रन बनाकर आउट हुए। अभिषेक शर्मा एक रन और संजू सैमसन एक रन बना सके थे। वहीं, तिलक वर्मा छह रन बना पाए। भुवनेश्वर ने भी छह रन बनाए। न्यूजीलैंड की ओर से एडम मिल्ने ने चार विकेट लिए। वहीं, नाथन स्मिथ और ब्लेयर टिकनर को दो-दो विकेट मिले।

भारत को छठा झटका
भारत को 19वें ओवर में 179 के स्कोर पर छठा झटका लगा। ब्लेयर टिकनर ने नमन धीर को ब्रेसवेल के हाथों कैच कराया। नमन 23 गेंद में चार चौके और एक छक्के की मदद से 33 रन बनाकर आउट हुए। 19 ओवर के बाद भारत का स्कोर छह विकेट पर 184 रन है।

18 ओवर का खेल हुआ
18 ओवर के बाद भारत ने पांच विकेट पर 172 रन बना लिए हैं। फिलहाल नमन धीर 20 गेंद में 27 रन और नीतीश रेड्डी 14 गेंद में 17 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।

बाल बाल बचे तिलक वर्मा
भारत को 14वें ओवर में पांचवां झटका लगा है। नाथन स्मिथ ने तिलक वर्मा का कैच अपनी ही गेंद पर लपका। वह आठ गेंद में छह रन बना सके। तिलक को इसी ओवर में जीवनदान मिला था, जब स्मिथ की गेंद पर एलन ने उनका कैच लपका था। हालांकि, स्मिथ ने ओवरस्टेपिंग की थी और गेंद नो बॉल निकली थी, लेकिन तिलक इस जीवनदान का फायदा नहीं उठा सके। 14 ओवर के बाद भारत का स्कोर पांच विकेट पर 134 रन है। फिलहाल नीतीश रेड्डी और नमन धीर क्रीज पर हैं।

भारत को चौथा झटका
भारत को 12वें ओवर में 123 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। नाथन स्मिथ ने कप्तान श्रेयस अय्यर को विकेटकीपर साइफर्ट के हाथों कैच कराया। श्रेयस 23 गेंद में तीन चौके और चार छक्के की मदद से 50 रन बनाकर आउट हुए। यह उनके टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 11वां अर्धशतक रहा। इससे पहले ईशान किशन 32 गेंद में 61 रन बनाकर आउट हुए थे। उन्हें ब्लेयर टिकनर ने आउट किया था। 12 ओवर के बाद भारत का स्कोर चार विकेट पर 123 रन है। फिलहाल नमन धीर और तिलक वर्मा क्रीज पर हैं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Navabharat News Group