असम के मुख्यमंत्री एक साल से झारखंड में मंडरा रहे हैं, लेकिन सरकार गिराने में विफल रहे: सोरेन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 13 Nov 2024 10:00 PM
असम के मुख्यमंत्री एक साल से झारखंड में मंडरा रहे हैं, लेकिन सरकार गिराने में विफल रहे: सोरेन
ऑडियो सुनें

धनबाद. झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को आरोप लगाया कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा पिछले एक साल से राज्य में पक्षी की तरह मंडरा रहे हैं और उनकी सरकार को गिराने की साजिश कर रहे हैं, लेकिन वह सफल नहीं हो सके. धनबाद जिले के निरसा, बाघमारा और बलियापुर में रैलियों को संबोधित करते हुए सोरेन ने कहा कि भले ही भाजपा उनकी सरकार को गिराने में विफल रही, लेकिन वह उन्हें सलाखों के पीछे भेजने में सफल रही.

उन्होंने कहा, ”झारखंड में पिछले पांच साल से सत्ता से बाहर रहने के बाद भाजपा हताश हो गई है. असम के मुख्यमंत्री ‘सुपारी’ लेकर पिछले एक साल से झारखंड में पक्षी की तरह मंडरा रहे हैं और मेरी सरकार गिराने की साजिश कर रहे हैं. भले ही वे सरकार गिराने में विफल रहे, लेकिन मुझे जेल भेजने में सफल रहे. झारखंड की जनता अब चुनाव में उन्हें करारा जवाब देगी.” झामुमो नेता ने दावा किया कि भाजपा झारखंड को ”पूंजीपतियों” के हाथों में सौंपना चाहती है, जो खनिज संसाधनों को लूट लेंगे.

भाजपा को ”आदिवासी और दलित विरोधी” बताते हुए सोरेन ने आरोप लगाया कि इसने हाशिए पर पड़े लोगों के लिए कुछ नहीं किया.
उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा संविधान में संशोधन करने और आरक्षण को खत्म करने पर तुली हुई है. सोरेन ने दावा किया, ”अगर हम इस चुनाव में कोई गलती करते हैं, तो भाजपा राज्य में परिसीमन लागू करके हमारे अधिकार छीन लेगी.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu