यूक्रेन के खेरसॉन इलाके में हमला, 23 दिन की नवजात सहित सात लोगों की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 13 Aug 2023 09:52 PM
यूक्रेन के खेरसॉन इलाके में हमला, 23 दिन की नवजात सहित सात लोगों की मौत
ऑडियो सुनें

कीव. यूक्रेन के दक्षिणी खेरसॉन इलाके में रविवार को रूस की ताजा गोलाबारी में 23 दिन की बच्ची सहित सात लोगों की मौत हो गई. यूक्रेन के आंतरिक मामलों के मंत्रालय ने यह जानकारी दी. मंत्रालय ने बताया कि रूस की ओर से निपर नदी के किनारे बसे शिरोका बल्का गांव पर तोप से गोलाबारी की गई, जिसमें एक ही परिवार के चार लोगों सहित पांच की मौत हो गई. मंत्रालय ने बताया कि मारे गए परिवार में पति, पत्नी, 12 साल का लड़का और 23 दिन की बच्ची शामिल है.

मंत्रालय के मुताबिक, पड़ोसी स्टैनिस्लाव गांव में रूस द्वारा किए गए हमले में दो पुरुषों की मौत हो गई, जबकि एक महिला घायल हुई है. खेरसॉन के क्षेत्री गवर्नर ओलक्संद्र प्रोकुदीन ने रविवार को कहा कि रूस द्वारा शनिवार को प्रांत पर किए गए हमले में तीन लोग घायल हुए हैं. यूक्रेन के सैन्य अधिकारियों ने शनिवार को दावा किया कि उनकी सेना ने दक्षिण में कुछ प्रगति की है, जापोरिज्जिया क्षेत्र के एक अहम गांव के पास कुछ सफलता प्राप्त की है और अन्य अज्ञात इलाकों को भी अपने नियंत्रण में ले लिया है.

यूक्रेन के जनरल स्टाफ ने बताया कि उन्होंने जापोरिज्जिया के सामरिक रूप से अहम रोबोटाइनी में ‘आंशिक सफलता’ प्राप्त की है, जो यूक्रेन में रूस का मजबूत गढ. है और उसे दक्षिण में मेलितोपोल की तरफ ढकेलने के लिहाज से अहम है. इस बीच, रूस के युद्धपोत ने रविवार को दक्षिण-पश्चिम काला सागर में पलाऊ गणराज्य के ध्वज वाले मालवाहक पोत की ओर चेतावनी स्वरूप गोला दागा. पिछले महीने संयुक्त राष्ट्र की पहल से हुए अनाज निर्यात समझौते के खत्म होने के बाद रूस ने पहली बार यूक्रेन के अलावा किसी अन्य देश के वाणिज्यिक पोत को चेतावनी देने के लिए गोले दागे हैं.

रूस के रक्षा मंत्री के मुताबिक, सुकरु ओकान नामक पोत यूक्रेन के डेनयूब नदी बंदरगाह इजमेल की ओर बढ. रहा था. रूस के रक्षा मंत्रालय ने टेलीग्राम पर जारी पोस्ट में कहा, ”मालवाहक पोत के कप्तान ने प्रतिबंधित सामग्री की जांच के लिए रुकने के अनुरोध पर कोई जवाब नहीं दिया. इसके बाद जहाज को रोकने के लिए रूसी युद्धपोत के स्वचालित छोटे हथियार से चेतावनी फायरिंग की गई.” मंत्रालय ने बताया कि बाद में पोत रुका और निरीक्षण दल को जहाज पर सवार होने की अनुमति दी. रूसी अधिकारियों ने रविवार को बताया कि उनकी वायु रक्षा प्रणाली ने बेलगोरोद में दो ड्रोन को, जबकि एक अन्य ड्रोन को कुर्स्क क्षेत्र में मार गिराया. ये दोनों इलाके यूक्रेन की सीमा के करीब हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu