बांग्लादेश के बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम ने वनडे से लिया संन्यास

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 06 Mar 2025 08:03 PM
बांग्लादेश के बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम ने वनडे से लिया संन्यास
ऑडियो सुनें

ढाका. बांग्लादेश के अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम ने तत्काल प्रभाव से एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से सन्यास ले लिया है. यह 37 वर्षीय खिलाड़ी बांग्लादेश की उस टीम का हिस्सा था जो चैंपियंस ट्रॉफी के ग्रुप चरण से बाहर हो गई थी. उन्होंने सोशल मीडिया पर संन्यास लेने की घोषणा की.

रहीम ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर लिखा, ”मैं आज वनडे प्रारूप से संन्यास लेने की घोषणा कर रहा हूं. मैंने जो भी हासिल किया वह अल्हम्दुलिल्लाह (भगवान का शुक्र है). हमारी वैश्विक स्तर पर उपलब्धियां सीमित हैं लेकिन एक चीज स्पष्ट है, मैंने जब भी अपने देश की तरफ से मैदान पर कदम रखा तो पूरे समर्पण और ईमानदारी के साथ 100 प्रतिशत से अधिक योगदान दिया.”

उन्होंने कहा, ”पिछले कुछ सप्ताह मेरे लिए बहुत चुनौतीपूर्ण रहे हैं, और मुझे अहसास हो गया है कि यही मेरी नियति है. मैं अपने परिवार, दोस्तों और अपने प्रशंसकों का आभार व्यक्त करता हूं जिनके लिए मैंने पिछले 19 वर्षों से क्रिकेट खेली है.” रहीम ने लगभग 20 साल पहले वनडे में पदार्पण किया था. उन्होंने अपने देश की तरफ से 274 वनडे खेले जिनमें 36.42 की औसत से 7795 रन बनाए. बांग्लादेश की तरफ से वनडे में उनसे अधिक रन केवल तमीम इकबाल (8357 रन) ने बनाए हैं.

रहीम बांग्लादेश की तरफ से 94 टेस्ट और 102 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं. रहीम टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से पहले ही संन्यास ले चुके हैं लेकिन टेस्ट क्रिकेट में वह बांग्लादेश की तरफ से 100 मैच खेलने वाले पहले खिलाड़ी बनने की राह पर हैं. चैंपियंस ट्रॉफी में बांग्लादेश और रहीम दोनों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा. रहीम भारत के खिलाफ खाता भी नहीं खोल पाए थे जबकि न्यूजीलैंड के खिलाफ उन्होंने केवल दो रन बनाए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu