कोविड के दौरान ‘रणनीतिक नेतृत्व’ के लिए प्रधानमंत्री मोदी को बारबाडोस का प्रतिष्ठित पुरस्कार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 06 Mar 2025 09:26 PM
कोविड के दौरान ‘रणनीतिक नेतृत्व’ के लिए प्रधानमंत्री मोदी को बारबाडोस का प्रतिष्ठित पुरस्कार
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को कोविड-19 महामारी के दौरान उनके “रणनीतिक नेतृत्व” और “बहुमूल्य सहायता” के लिए प्रतिष्ठित ‘ऑनरेरी ऑर्डर ऑफ फ्रीडम ऑफ बारबाडोस’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया है. विदेश मंत्रालय (एमईए) ने बृहस्पतिवार को एक बयान में कहा कि विदेश और कपड़ा राज्य मंत्री पाबित्रा मार्गेरिटा ने बारबाडोस के ब्रिजटाउन में आयोजित एक समारोह में प्रधानमंत्री मोदी की ओर से यह पुरस्कार प्राप्त किया. विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह पुरस्कार दोनों देशों के बीच “स्थायी मित्रता” का प्रतीक है.

उसने कहा, “पुरस्कार की घोषणा बारबाडोस की प्रधानमंत्री मिया अमोर मोटले ने 20 नवंबर, 2024 को गुयाना के जॉर्जटाउन में दूसरे भारत-कैरिकॉम नेताओं के शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के साथ बैठक में की थी.” बयान में कहा गया कि प्रधानमंत्री मोदी को यह पुरस्कार “कोविड-19 महामारी के दौरान उनके रणनीतिक नेतृत्व और बहुमूल्य सहायता के लिए” दिया गया है.
इसमें कहा गया कि मोटले ने महामारी के कारण उत्पन्न अभूतपूर्व स्थिति के दौरान अंतरराष्ट्रीय सहयोग और समर्थन को मजबूत करने में मोदी द्वारा निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका को स्वीकार किया.

प्रधानमंत्री की ओर से पुरस्कार प्राप्त करते हुए मार्गेरिटा ने इस सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का प्रतिनिधित्व करना और उनकी ओर से यह प्रतिष्ठित पुरस्कार स्वीकार करना मेरे लिए अत्यंत सम्मान की बात है.” बयान में मार्गेरिटा के हवाले से कहा गया, “यह मान्यता भारत और बारबाडोस के बीच प्रगाढ़ होते संबंधों, तथा विशेष रूप से संकट के समय में सहयोग और विकास के प्रति हमारी साझा प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है.” बयान में कहा गया है कि 1966 में राजनयिक संबंधों की स्थापना के बाद से भारत और बारबाडोस ने निरंतर जुड़ाव और विकास पहलों के साथ एक मजबूत साझेदारी को बढ़ावा दिया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu