बस्तर: एक इनामी समेत तीन नक्सली गिरफ्तार, चार प्रेशर बम बरामद

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 10 Apr 2025 10:30 PM
बस्तर: एक इनामी समेत तीन नक्सली गिरफ्तार, चार प्रेशर बम बरामद
ऑडियो सुनें

सुकमा/बीजापुर. छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने एक इनामी नक्सली समेत तीन नक्सलियों को गिरफ्तार किया है तथा एक अन्य घटना में सुरक्षाबलों ने चार प्रेशर बम बरामद किए हैं. पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षाबलों ने सुकमा जिले में तीन नक्सलियों को गिरफ्तार किया है तथा बीजापुर जिले में चार प्रेशर बम बरामद किए हैं.

उन्होंने बताया कि मुखबिर की सूचना पर बुधवार को चिंतलनार थाना से जिला बल और पुलनपाड़ शिविर से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 223 वाहिनी के संयुक्त दल को नक्सलियों की गिरफ्तारी के लिए किस्टावरम और आसपास के क्षेत्र में रवाना किया गया था. अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने तीन नक्सलियों मड़कम भीमा (32), मड़कम लखमा (45) और हेमला नंदा (25) को गिरफ्तार कर लिया.

उन्होंने बताया कि नक्सली मड़कम भीमा दंडकारण्य आदिवासी किसान मजदूर संगठन (डीएकेएमएस) का अध्यक्ष है तथा उसके सर पर दो लाख रुपये का इनाम है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पकड़े गए नक्सलियों पर पिछले वर्ष चिंतलनार थाना क्षेत्र के अंतर्गत जब्बागट्टा गांव में पुलिस के मुखबिर के आरोप में दो ग्रामीणों की हत्या में शामिल होने का आरोप है. उन्होंने बताया कि क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एक अन्य घटना में सुरक्षाबलों ने बीजापुर जिले के उसूर थाना क्षेत्र में चार प्रेशर बम बरामद किए.
उन्होंने बताया कि उसूर थाना क्षेत्र में सीआरपीएफ के कोबरा बटालियन के दल को भीमाराम से पुसगुफा गांव की ओर रवाना किया गया था. दल जब भीमाराम से दो किलोमीटर की दूरी पर पुसगुफा गांव की ओर था तब नक्सलियों द्वारा बीयर बोतल में लगाए गए चार प्रेशर बम बरामद किए गए. अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षाबलों ने घटनास्थल पर ही सभी बमों को नष्ट कर दिया. उन्होंने बताया कि क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu