भारत के खिलाफ वनडे में बावुमा करेंगे दक्षिण अफ्रीका की अगुवाई, मारक्रम संभालेंगे टी20 टीम की कमान

जोहानिसबर्ग. तेम्बा बावुमा को भारत के खिलाफ तीन मैचों की आगामी एकदिवसीय श्रृंखला के लिए शुक्रवार को दक्षिण अफ्रीका का कप्तान नियुक्त किया गया, लेकिन प्रमुख तेज गेंदबाज कैगिसो रबाडा मौजूदा टेस्ट श्रृंखला से पहले अभ्यास सत्र के दौरान पसली में लगी चोट से उबरने में नाकाम रहने के बाद स्वदेश लौटेंगे. बावुमा भारत के खिलाफ दो मैचों टीम टेस्ट श्रृंखला में टीम की अगुवाई कर रहे हैं.

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में संन्यास से सफेद गेंद प्रारूप में वापसी करने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक को भी टीम में शामिल किया गया है. डिकॉक को हाल ही में पाकिस्तान के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला में टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया था. उन्होंने तीन पारियों में एक शतक और दो अर्धशतकों सहित 232 रन बनाकर शीर्ष स्थान हासिल किया था.

पाकिस्तान के खिलाफ श्रृंखला में दक्षिण अफ्रीका के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वालों में दूसरे स्थान पर रहे लुहान डी प्रिटोरियस को हालांकि भारत के खिलाफ श्रृंखला के लिए टीम में मौका नहीं मिला है. भारत और दक्षिण अफ्रीका 30 नवंबर से छह दिसंबर के बीच तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला में आमने-सामने होंगे. शीर्ष क्रम के बल्लेबाज एडेन मारक्रम की टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम में वापसी हो रही है. पाकिस्तान में टेस्ट श्रृंखला में टीम की कमान संभालने के बाद उन्हें आराम दिया गया था. वह डोनोवन फेरेरिया की जगह कप्तानी संभालेंगे.

मारक्रम एकदिवसीय टीम का भी हिस्सा हैं. बायें हाथ के अनुभवी स्पिनर केशव महाराज भी पाकिस्तान के खिलाफ वनडे श्रृंखला से बाहर रहने के बाद सीमित ओवरों की टीम में लौट आए हैं. पिछले साल भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप फाइनल के बाद से कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेलने वाले तेज गेंदबाज एनरिक नोर्किया टी20 श्रृंखला से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करेंगे. दक्षिण अफ्रीका नौ दिसंबर से भारत के साथ पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला खेलेगा.

दक्षिण अफ्रीका एकदिवसीय टीम: तेम्बा बावुमा (कप्तान), ओटिनिल बार्टमैन, मैथ्यू ब्रीट्जके, डेवाल्ड ब्रेविस, नांद्रे बर्गर, क्विंटन डिकॉक, टोनी डी जोर्जी, रुबिन हरमन, मार्को यानसन, केशव महाराज, एडेन मारक्रम, लुंगी एनगिडी, रियान रिकेलटन, प्रेनेलन सुब्रायन.
दक्षिण अफ्रीका टी20 टीम: एडेन मारक्रम (कप्तान), ओटिनिल बार्टमैन, कॉर्बिन बॉश, डेवाल्ड ब्रेविस, क्विंटन डिकॉक, टोनी डी जोर्जी, डोनोवन फेरेरिया, रीजा हेंड्रिक्स, मार्को यानसन, जॉर्ज लिंडे, केशव महाराज, क्वेना मफाका, डेविड मिलर, लुंगी एनगिडी, एनरिक नॉर्किया, ट्रिस्टन स्टब्स.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button