IND vs PAK: ट्रॉफी विवाद में BCCI का एलान- ICC से करेंगे नकवी की शिकायत, सूर्यकुमार बोले- असली ट्रॉफी मेरी टीम

IND vs PAK: एशिया कप 2025 का फाइनल जीतने के बावजूद भारतीय टीम को ट्रॉफी नहीं मिल पाई, क्योंकि कप्तान सूर्यकुमार यादव और उनकी टीम ने एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) के अध्यक्ष और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड प्रमुख मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया। नकवी पाकिस्तान के गृह मंत्री भी हैं और भारत विरोधी बयानों के लिए जाने जाते हैं। भारत ने इसकी घोषणा काफी पहले ही कर दी थी, लेकिन इसके बावजूद नकवी ट्रॉफी वितरण समारोह के दौरान स्टेज से नहीं हटे। अब बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि भारतीय टीम का यह कदम पूरी तरह सही था और बोर्ड इस मामले को लेकर नवंबर में होने वाली आईसीसी की बैठक में बहुत मजबूत विरोध दर्ज कराएगा।

‘भारत उस व्यक्ति से ट्रॉफी नहीं ले सकता…’
सैकिया ने कहा, ‘जहां तक ट्रॉफी का सवाल है, भारत उस व्यक्ति से ट्रॉफी नहीं ले सकता जो हमारे देश के खिलाफ युद्ध छेड़े बैठा है। हमने ट्रॉफी नहीं ली, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि कोई इसे और मेडल्स को अपने होटल ले जाए। यह बचकाना व्यवहार है और हम इसका विरोध करेंगे।’

भारत ने 3-0 से पाकिस्तान को पटखनी
सैकिया ने भारतीय टीम की तारीफ करते हुए कहा कि टीम ने पूरे टूर्नामेंट में सातों मैच जीते और पाकिस्तान को तीन बार हराया। उन्होंने कहा, ‘यह टीम इंडिया के लिए बड़ी उपलब्धि है। इस जीत ने देशवासियों को गर्व का एहसास कराया है।’ उन्होंने यह भी कहा कि भारत ने सरकार की नीति के तहत ही टूर्नामेंट में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा, ‘जब भी द्विपक्षीय सीरीज होती है, भारत पाकिस्तान से नहीं खेलता। लेकिन बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंट्स में, जैसे एशिया कप, हमें खेलना पड़ता है वरना अन्य खेलों में भी बैन लग सकता है।’

सूर्यकुमार का बयान, ‘असली ट्रॉफी मेरी टीम है’
कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि ट्रॉफी न मिलना जरूर दुखद है, लेकिन उनके लिए असली ट्रॉफी उनकी टीम है। सूर्यकुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘जबसे मैंने क्रिकेट खेलना शुरू किया है, कभी नहीं देखा कि विजेता टीम को ट्रॉफी न मिले। लेकिन मेरे लिए असली ट्रॉफी मेरी टीम है। सभी 14 खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ मेरी यादों की असली ट्रॉफी हैं। ये पल मेरे लिए हमेशा खास रहेंगे।’ सूर्या ने आगे कहा, ‘जब टूर्नामेंट खत्म होता है तो सिर्फ चैंपियंस याद रहते हैं, ट्रॉफी की फोटो नहीं।’

पाकिस्तानी पत्रकारों के सवालों पर शांत रहे सूर्यकुमार
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पाकिस्तानी पत्रकारों ने सूर्या से कई सवाल किए, यहां तक कि उन पर क्रिकेट में राजनीति लाने का आरोप भी लगाया। लेकिन कप्तान ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, ‘आप गुस्सा क्यों हो रहे हैं? आप ही बताइए, जीतने के बाद ट्रॉफी किसे मिलनी चाहिए? हमने यह फैसला मैदान पर लिया। कोई हमें बाहर से निर्देश नहीं दे रहा था।’

‘जश्न में नहीं आई कमी, ट्रॉफी हमारे पास है’
सूर्यकुमार ने मजाकिया अंदाज में कहा कि टीम ने जमकर जश्न मनाया। उन्होंने कहा, ‘आपने ट्रॉफी की फोटो नहीं देखी? मैंने ट्रॉफी ला दी थी। अभिषेक और शुभमन ने पहले ही तस्वीर पोस्ट कर दी है। देखिए कितनी खूबसूरत लग रही है।’ उन्होंने हंसते हुए कहा, ‘रिंकू ने चौका मारा, हम जीत गए, सबने जश्न मनाया और खिलाड़ियों की उपलब्धियां सेलिब्रेट कीं। यही चेन ऑफ इवेंट थी जो हम चाहते थे।’

भारत के लिए ऐतिहासिक जीत
भारत ने चार से 28 सितम्बर तक चले इस टूर्नामेंट में लगातार सात जीत दर्ज कीं। फाइनल में तिलक वर्मा के नाबाद 69 रनों की मदद से भारत ने पाकिस्तान को पांच विकेट से हराया। सैकिया और सूर्यकुमार दोनों का मानना है कि यह जीत देशवासियों के लिए गर्व का विषय है और खिलाड़ियों की मेहनत का नतीजा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button