बंगाल: गायिका लग्नजिता चक्रवर्ती ने कार्यक्रम में उत्पीड़न का आरोप लगाया, आयोजक गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 21 Dec 2025 08:28 PM
बंगाल: गायिका लग्नजिता चक्रवर्ती ने कार्यक्रम में उत्पीड़न का आरोप लगाया, आयोजक गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

कोलकाता. बंगाली गायिका लग्नजिता चक्रवर्ती ने आरोप लगाया है कि पश्चिम बंगाल के पूर्वी मेदिनीपुर जिले के एक निजी स्कूल में आयोजित संगीत कार्यक्रम के दौरान उन्हें प्रताडि़त किया गया. घटना के बाद कार्यक्रम के आयोजकों में से एक को गिरफ्तार किया गया है.

घटनाक्रम की पुष्टि करते हुए पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि गायिका की शिकायत के बाद मुख्य आरोपी महबूब मलिक को रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया. मलिक उस स्कूल का सह-मालिक है जहां यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था. लग्नजिता ने दावा किया कि यह घटना शनिवार शाम को भगवानपुर स्थित स्कूल में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान हुई, जहां वह प्रस्तुति दे रही थीं.

उन्होंने कहा, “कई गीत गाने के बाद, मैंने फिल्म ‘देवी चौधरानी’ का गाना ‘जागो मां’ गाना शुरू किया. उसी समय, आयोजकों में से एक महबूब मलिक ने आपत्ति जताई और कहा कि केवल ‘धर्मनिरपेक्ष गाने’ ही गाए जाने चाहिए.” गायिका ने कहा, “मैंने प्रस्तुति रोक दी और मंच से नीचे उतर आई.” इस घटना के बाद, चक्रवर्ती ने भगवानपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई.

पूर्वी मेदिनीपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मिथुन डे ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी गई है. उन्होंने पत्रकारों से कहा, “मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है.” इस घटना के बाद भगवानपुर थाने के प्रभारी अधिकारी के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू की गई है, क्योंकि आरोप है कि गायिका और उनकी टीम को शुरू में प्राथमिकी दर्ज करने से हतोत्साहित किया गया था.

डे ने कहा, “अगर कोई लापरवाही पाई जाती है, तो उचित कार्रवाई की जाएगी.” इस घटना पर तीखी राजनीतिक प्रतिक्रियाएं आई हैं. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता शंखदेब पांडा ने दावा किया कि मलिक तृणमूल कांग्रेस का सक्रिय कार्यकर्ता है. मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नेता सुजान चक्रवर्ती ने भी इस कृत्य की निंदा की और इस स्थिति के लिए राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया. तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता अरूप चक्रवर्ती ने इस घटना को “निंदनीय” बताते हुए कहा कि हर घटना के लिए तृणमूल को जिम्मेदार ठहराना गलत होगा.

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu