बंगाल: भारी बारिश के बीच शुभेंदु रथ यात्रा में शामिल हुए

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Thu, 16 Jul 2026 04:12 PM
बंगाल: भारी बारिश के बीच शुभेंदु रथ यात्रा में शामिल हुए
ऑडियो सुनें

कोलकाता: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को भारी बारिश के बीच यहां आयोजित रथ यात्रा में शामिल होकर श्रद्धालुओं के साथ उत्सव मनाया। पीले रंग का कुर्ता और सफेद धोती पहने शुभेंदु ने अल्बर्ट रोड पर इस्कॉन की ओर से आयोजित रथ यात्रा में हिस्सा लिया और शोभायात्रा की शुरूआत के मौके पर परंपरागत रूप से रथ की रस्सी खींची।

उन्होंने कहा, ”इस उत्सव का हिस्सा बनकर मुझे गर्व महसूस हो रहा है। मैं इससे पहले भी कई बार यहां आ चुका हूं। यह मेरे लिए एक बड़ा अवसर है। मैं प्रार्थना करता हूं कि बुराई पर अच्छाई की हमेशा जीत हो।” मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विभिन्न क्षेत्रों में इस्कॉन के साथ मिलकर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि इस्कॉन एक अगस्त से शहर और राज्य के अन्य हिस्सों में मध्याह्न भोजन कार्यक्रम से भी जुड़ेगा।

इससे पहले शुभेंदु ने इस्कॉन मंदिर में ”मंगल आरती” की। वह तामलुक और मेचेदा में निकाली जाने वाली रथ यात्रा कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे। राज्यभर में रथ यात्रा के आयोजन किए जा रहे हैं, जिनमें हुगली जिले का महेश और दीघा स्थित जगन्नाथ मंदिर भी शामिल हैं।

राज्य के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु सुबह से ही देश की सबसे पुरानी रथ यात्राओं में शामिल महेश की प्रसिद्ध रथ यात्रा में भाग लेने के लिए हुगली जिले में पहुंच रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि सदियों पुराने इस उत्सव के मद्देनजर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav