बिग बॉस कन्नड़ का प्रतिभागी बाघ के नाखून का बना ‘पेंडेंट’ पहनने के मामले में गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 23 Oct 2023 06:48 PM
बिग बॉस कन्नड़ का प्रतिभागी बाघ के नाखून का बना ‘पेंडेंट’ पहनने के मामले में गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

बेंगलुरू. कन्नड़ के एक टेलीविजन रियलिटी शो के एक प्रतिभागी को वन विभाग के अधिकारियों ने कथित रूप से बाघ के नाखून का बना ‘पेंडेंट’ पहनने के मामले में गिरफ्तार किया है. अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि टेलीविजन पर प्रसारित हो रहे बिग बॉस कन्नड में वरथूर संतोष द्वारा इस तरह की ताबीज पहनने की शिकायत मिलने के बाद यह कार्रवाई की गयी.

उन्होंने कहा कि बेंगलुरू (शहर) के उप वन संरक्षक एन रवींद्र कुमार के नेतृत्व में एक दल शो के शूटिंग स्थल पर गया और रविवार रात को संतोष को गिरफ्तार कर लिया. वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, शो के सेट पर पहुंचने के बाद इसके निर्माण में लगे लोगों को सूचित किया गया और संतोष को स्टूडियो के बाहर लाने को कहा गया. उन्होंने कहा कि सत्यापन के बाद इस बात की पुष्टि की गयी कि संतोष वास्तव में बाघ के नाखून का बना ‘पेंडेंट’ पहने हुए थे और उन्हें वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत गिरफ्तार कर लिया गया.

अतिरिक्त प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) कुमार पुष्कर ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ”हमारी टीम ने बाघ के नाखून का सत्यापन किया, जो उन्होंने पहना हुआ था. बाघ का नाखून होने की पुष्टि के बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया और पूछताछ जारी है. इस संबंध में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम काफी सख्त है. हम कुछ दिनों के लिए उनकी न्यायिक हिरासत की मांग करेंगे, क्योंकि हमें मामले की जांच करनी है.”

एक अन्य अधिकारी ने बताया कि संतोष ने पूछताछ के दौरान वन अधिकारियों से कहा कि वह करीब तीन साल पहले कर्नाटक सीमा से लगे तमिलनाडु के होसुर में एक स्थान से 20,000 रुपये में बाघ के नाखून से बना ‘पेंडेंट’ खरीदकर लाये थे. अधिकारी ने कहा, ”उनके दावे का सत्यापन करना होगा और इस सिलसिले में उनसे और पूछताछ करनी होगी.” संतोष को एक मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया गया था और 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu