बीजापुर: मुठभेड़ में एक नक्सली ढेर, बारूदी सुरंग विस्फोट में दो जवान घायल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 11 Dec 2024 05:35 PM
बीजापुर: मुठभेड़ में एक नक्सली ढेर, बारूदी सुरंग विस्फोट में दो जवान घायल
ऑडियो सुनें

बीजापुर. छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में एक नक्सली को मार गिराया तथा हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की. वहीं, नक्सलियों द्वारा किए गए विस्फोट में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं. पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मुनगा गांव के जंगल में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में एक नक्सली को मार गिराया.

उन्होंने बताया कि गंगालूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मुनगा गांव के जंगल में नक्सली नेता दिनेश मोड़ियाम, आकाश हेमला, कंपनी नंबर दो के कमांडर वेल्ला, मिलिशिया प्लाटून कमांडर कमलू तथा लगभग 40 अन्य नक्सलियों की उपस्थिति की सूचना पर जिला रिजर्व बल (डीआरजी) के दल को आज अभियान पर रवाना किया गया था.

अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान जब सुरक्षाबल के जवान मुनगा गांव के जंगल में पहुंचे तब नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर हमला किया, जिसके बाद जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की. इस घटना में एक नक्सली मारा गया. सुरक्षाबलों ने घटनास्थल से एक नक्सली का शव, 9एमएम पिस्तौल, बारूदी सुरंग, बारूदी सुरंग विस्फोट में इस्तेमाल किए जाने वाले छह रिमोट और अन्य सामग्री बरामद की है.

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान नक्सलियों ने मुनगा गांव के करीब बारूदी सुरंग में विस्फोट किया जिसमें डीआरजी के दो जवानों को मामूली चोट पहुंची है. चोट के बावजूद जवानों ने नक्सलियों की गोलीबारी का जवाब दिया है. अधिकारियों ने बताया कि घायल डीआरजी जवानों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है और क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu