बिलासपुर : दो सड़क हादसों में चार लोगों की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 25 Aug 2023 07:01 PM
बिलासपुर : दो सड़क हादसों में चार लोगों की मौत
ऑडियो सुनें

बिलासपुर. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में दो सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई. पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. पुलिस अधिकारी ने बताया कि जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र में दो सड़क हादसों में महेंद्र साहू (29), रविंद्र साहू (19), धनराज कुशाल उर्फ आयुष (17) और रणवीर मरकाम (15) की मौत हो गई.

मस्तूरी के थाना प्रभारी रविंद्र अनंत ने बताया कि चालक महेंद्र साहू अपने सहायक रविंद्र साहू और एक अन्य युवक टिगेश कुमार मरावी (28) के साथ वाहन में ईंट भरकर मस्तूरी जाने के लिए निकला था. अनंत ने बताया कि शुक्रवार सुबह लगभग साढ़े छह बजे जब वाहन लावर गांव के करीब पहुंचा तो वह एक ट्रेलर से टकरा गया. इस घटना में वाहन सवार तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए.

पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद घटनास्थल के लिए पुलिस दल रवाना किया गया तथा घायलों को अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने महेंद्र और रविंद्र को मृत घोषित कर दिया. घायल टिगेश कुमार का इलाज किया जा रहा है.
थाना प्रभारी ने बताया कि एक अन्य हादसे में मोटरसाइकिल सवार दो लड़कों की मौत हो गई.

उन्होंने बताया कि दोडकी गांव निवासी धनराज और रणवीर एक मोटरसाइकिल से मस्तूरी गांव की ओर जा रहे थे, तभी टिकारी गांव के निकट एक बोलेरो वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी. इस घटना में दोनों लड़कों की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा जांच की जा रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu