बीसीसीआई अध्यक्ष चुने गए बिन्नी, गांगुली की जगह ली

मुंबई. भारत की विश्व कप (1983) विजेता टीम के सदस्य रहे रोजर बिन्नी को मंगलवार को भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) का 36वां अध्यक्ष चुना गया. वह पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली की जगह दुनिया के सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड का संचालन करेंगे.
बिन्नी को यहां बीसीसीआई की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में निर्विरोध चुना गया. जय शाह को लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए पुन: सचिव चुना गया.

इन दोनों के अलावा जिन अन्य पदाधिकारियों को निर्विरोध चुना गया उनमें कोषाध्यक्ष आशीष शेलार, उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला और संयुक्त सचिव देवजीत सेकिया शामिल हैं. भारत के लिए 27 टेस्ट और 72 एकदिवसीय खेलने वाले 67 साल के बिन्नी भारत में अगले साल होने वाले एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय विश्व कप से पहले पद संभाल रहे हैं.

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के चेयरमैन पद के चुनाव को लेकर हालांकि कोई चर्चा नहीं हुई. आईसीसी का अगला चेयरमैन अगले महीने मेलबर्न में बोर्ड की बैठक के दौरान चुना जाएगा. इस मुद्दे पर एजीएम के नतीजे का बेसब्री से इंतजार था लेकिन बीसीसीआई ने राजनीतिक गलियारों में यह मुद्दा उठनके बाद बीसीसीआई ने इस पर कोई फैसला नहीं लिया.

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हाल ही में अपील की थी कि गांगुली को आईसीसी चुनाव लड़ने की अनुमति दी जाए क्योंकि पूर्व भारतीय कप्तान को बीसीसीआई ने अध्यक्ष के रूप में दूसरा कार्यकाल देने से इनकार किया था. आईसीसी अध्यक्ष का चुनाव अगले महीने मेलबर्न में बोर्ड की बैठक के दौरान किया जाएगा, लेकिन ऐसा लगता है कि ग्रेग बार्कले अपने लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए इस भूमिका में बने रहेंगे.

आईसीसी चेयरमैन पद के लिए नामांकन की समय सीमा 20 अक्टूबर है और बीसीसीआई के इस पद के लिए अपने उम्मीदवार को नामित करने की संभावना बेहद कम है. एजीएम में हिस्सा लेने वाले एक राज्य इकाई के अधिकारी ने पीटीआई को बताया, ‘‘जहां तक आईसीसी में भारत के प्रतिनिधित्व का सवाल है तो इस पर फैसला पदाधिकारी करेंगे. आईसीसी के चेयरमैन पद को लेकर कोई चर्चा नहीं की गई. सिर्फ एजेंडे में शामिल मामलों पर चर्चा की गई.’’ निवर्तमान कोषाध्यक्ष अरूण धूमल को अविषेक डालमिया के साथ आईपीएल संचालन परिषद में जगह मिली. धूमल आईपीएल के नए अध्यक्ष होंगे. वह ब्रिजेश पटेल की जगह लेंगे.

बीसीसीआई ने बयान में कहा, ‘‘आम सभा ने निवर्तमान पदाधिकारियों, आईपीएल संचालन परिषद के अध्यक्ष और सदस्यों की उनके कार्यकाल के दौरान हुए कामों और प्रयासों की सराहना की.’’ एमकेजे मजूमदार को बीसीसीआई की शीर्ष परिषद में आम सभा का प्रतिनिधि चुना गया. आम सभा ने पहले महिला आईपीएल टूर्नामेंट को भी स्वीकृति दी जिसमें पांच टीम होंगी और यह मार्च में आयोजित होगा. एक सूत्र ने कहा, ‘‘टीमों की बिक्री कैसे होगी और टूर्नामेंट का संचालन कैसे होगा इसका फैसला संचालन परिषद जल्द ही करेगी.’’

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button