भिलाई के मैत्री बाग चिड़ियाघर में तीन सफेद बाघ शावकों का जन्म

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 11 Jun 2023 07:22 PM
भिलाई के मैत्री बाग चिड़ियाघर में तीन सफेद बाघ शावकों का जन्म
ऑडियो सुनें

दुर्ग. छत्तीसगढ़ में दुर्ग जिले के मैत्री बाग चिड़ियाघर में एक सफेद बाघिन ने तीन शावकों को जन्म दिया है. अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि इन तीन बाघ शावकों के जन्म से राजधानी रायपुर से 35 किलोमीटर की दूरी पर स्थित भिलाई के मैत्री बाग चिड़ियाघर में मौजूद सफेद बाघों की संख्या बढ.कर नौ हो गई है.

चिड़ियाघर के प्रभारी एन के जैन ने कहा, “रक्षा नाम की सफेद बाघिन ने 28 अप्रैल को तीन शावकों को जन्म दिया था, लेकिन इससे संबंधित जानकारी शनिवार को सार्वजनिक की गई. सफेद बाघ सुल्तान इन शावकों का पिता है. पशु चिकित्सा मानदंडों के अनुसार, स्तनपान और अन्य स्वास्थ्य मापदंडों की निगरानी के लिए शावकों को मां के साथ एक अंधेरे कमरे में रखा गया है.” जैन ने बताया कि चार महीने की निगरानी एवं देखभाल अवधि के पूरा होने के बाद इन बाघ शावकों को आम जनता के देखने के लिए बाड़े में छोड़ दिया जाएगा.

जैन के मुताबिक, पिछले साल सितंबर में रोमा नाम की एक सफेद बाघिन ने एक शावक को जन्म दिया था, जिसका नाम ‘सिंघम’ रखा गया है. उन्होंने बताया कि इस बाघ शावक का पिता भी ‘सुल्तान’ नाम का सफेद बाघ है. जैन ने कहा, “मौजूदा समय में इस चिड़ियाघर में अप्रैल में जन्मे तीन बाघ शावकों सहित कुल नौ सफेद बाघ हैं. 1997 में सफेद बाघ के एक जोड़े-तरुण और तापसी को पहली बार पड़ोसी राज्य ओडिशा के नंदन-कानन चिड़ियाघर से मैत्री बाग में स्थानांतरित किया गया था.” मैत्री बाग के रखरखाव का जिम्मा भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) संभालता है, जो देश की सबसे बड़ी इस्पात निर्माता स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) की एक प्रमुख इकाई है.

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu