भाजपा ने विपक्ष पर तुष्टीकरण की राजनीति का आरोप लगाया, बंगाल सरकार के फैसले का दिया हवाला

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 22 Aug 2024 09:19 PM
भाजपा ने विपक्ष पर तुष्टीकरण की राजनीति का आरोप लगाया, बंगाल सरकार के फैसले का दिया हवाला
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) श्रेणी में मुसलमानों की कई जातियों को शामिल किए जाने का हवाला देते हुए विपक्षी दलों पर तुष्टीकरण’ की राजनीति के साथ ही पिछड़े वर्गों के हितों को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया.

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि अल्पसंख्यक ‘तुष्टीकरण’ के लिए हिंदू अन्य पिछड़ा वर्ग के अधिकार छीनने के फैसले की निंदा की जानी चाहिए. उन्होंने दावा किया कि बंगाल की तृणमूल कांग्रेस की तरह तेलंगाना और कर्नाटक की कांग्रेस सरकारें भी ओबीसी को मुस्लिम आरक्षण का लाभ देने से वंचित कर रही हैं. उच्चतम न्यायालय में बंगाल सरकार के हलफनामे का हवाला देते हुए भाजपा नेता ने कहा कि ओबीसी श्रेणी में शामिल 77 जातियों में से 75 मुस्लिम धर्म से हैं.

उन्होंने कई मुस्लिम जातियों का नाम लिया और कहा कि उन्हें उसी दिन ओबीसी सूची में जोड़ा गया था, जिस दिन एक प्रस्ताव तैयार किया गया था. यादव ने एक वीडियो बयान में कहा कि यह स्पष्ट है कि ओबीसी आयोग द्वारा किसी जाति को पिछड़ा वर्ग में शामिल करने का निर्णय लेने से पहले उसके पिछड़ेपन का व्यापक अध्ययन करने के लिए निर्धारित नियमों का पालन नहीं किया गया और राज्य सरकार ने उन्हें लाभ देने में आश्चर्यजनक रूप से जल्दबाजी दिखाई.

उन्होंने कहा कि विपक्षी दल पिछड़े वर्गों के हितों को नुकसान पहुंचाते हैं, लेकिन वे जाति जनगणना के समर्थन में बोलते हैं. उन्होंने विपक्ष पर संविधान की भावना का उल्लंघन करने का आरोप लगाते हुए आश्चर्य जताया कि क्या ओबीसी के साथ इस तरह का अन्याय नीति का हिस्सा हो सकता है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu