देश के 73% पिछड़े, दलित और आदिवासी लोगों की उपेक्षा कर रही है भाजपा सरकार : राहुल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 19 Feb 2024 08:56 PM
देश के 73% पिछड़े, दलित और आदिवासी लोगों की उपेक्षा कर रही है भाजपा सरकार : राहुल
ऑडियो सुनें

अमेठी. कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोमवार को केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार पर देश के 73 प्रतिशत पिछड़े, दलित और आदिवासी लोगों की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए सोमवार को कहा कि सरकारी अथवा अर्द्धसरकारी नौकरियों में इन वर्गों को प्रतिनिधित्व नहीं दिया जा रहा है और सरकार इन वर्गों का सिर्फ ध्यान भटका रही है.

कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के तहत अपने पूर्व संसदीय क्षेत्र अमेठी पहुंचे राहुल गांधी ने गांधीनगर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “हिंदुस्तान में पिछड़ा वर्ग 50 प्रतिशत, दलित 15 प्रतिशत और आदिवासी आठ प्रतिशत हैं. कुल आबादी का 73 प्रतिशत होने के बावजूद किसी भी सरकारी या अर्द्ध सरकारी नौकरी में इन वर्गों को प्रतिनिधित्व नहीं दिया जा रहा है.”

उन्होंने कहा, “दिल्ली में 90 आईएएस अधिकारी हैं जो सरकार चलाते हैं लेकिन उनमें दलित, पिछड़े और आदिवासी वर्ग का एक भी अधिकारी शामिल नहीं है. आप मनरेगा मजदूरों की सूची निकलवाइये उसमें आपका नाम होगा लेकिन ऊंचे पदों पर दलितों, आदिवासियों और पिछड़ों को जगह नहीं दी जा रही है. सरकार केवल इन वर्गों का ध्यान भटका रही है. मीडिया में इन 73 प्रतिशत लोगों की बात नहीं होती है.”

राहुल गांधी ने अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधा और कहा कि यह कार्यक्रम बड़ी धूमधाम से हुआ लेकिन उसमें दलितों को प्रवेश नहीं मिला. उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को भी वहां नहीं आने दिया गया, बड़े-बड़े पैसे वाले लोग जरूर दिखाई दिए.

उन्होंने कहा, “भाजपा के लिए यह दलित, आदिवासियों और पिछड़ों का हिंदुस्तान नहीं है. इन वर्गों का सिर्फ एक ही काम है, भारत माता की जय बोलना और जय श्री राम कहना.” पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने न्यूनतम समर्थन मूल्य गारंटी को लेकर किसानों के प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि किसान दिल्ली जा रहे थे लेकिन वहां दीवार खड़ी कर दी गई. उन्होंने कहा कि पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किसानों की विरुद्ध तीन कानून बनाए थे और अब न्यूनतम समर्थन मूल्य नहीं दिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस का वादा है कि अगर वह सत्ता में आई तो देश के किसानों के हित की बात होगी.

राहुल गांधी 2002 से 2019 तक अमेठी से सांसद रहे पिछले लोकसभा चुनाव में वह यहां भाजपा की स्मृति ईरानी से हार गए थे. हालांकि उन्होंने केरल की वायनाड सीट से भी चुनाव लड़ा था जहां से उन्हें जीत हासिल हुई थी. आज की जनसभा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उम्मीद थी कि राहुल अमेठी से एक बार फिर चुनाव लड़ने या फिर गांधी परिवार के किसी सदस्य के अमेठी से चुनाव मैदान में उतरने का इशारा दे सकते हैं, लेकिन उन्हें निराशा हाथ लगी.

पूर्व में लगभग हर बार अमेठी से अपना पारिवारिक रिश्ता जताने वाले राहुल ने सिर्फ इतना कहा, “मैं अमेठी आया हूं. यहां के लोगों ने मुझे प्यार दिया और सम्मान दिया. इसके लिए आप सबका धन्यवाद.” कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा राहुल गांधी की अगुवाई में आज दोपहर बाद अमेठी की सीमा में दाखिल हुई. इस दौरान यात्रा अमेठी विधानसभा क्षेत्र के पुलिस लाइन, ककवा ओवर ब्रिज, गांधी चौक, जामा मस्जिद और गौरीगंज नगर होते हुए गांधीनगर टोल प्लाजा पहुंची जहां राहुल ने सभा को संबोधित किया.

यात्रा के अमेठी की सीमा में दाखिल होने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में राहुल का जोरदार स्वागत किया और जगह-जगह उन पर पुष्प वर्षा की. राहुल ने हाथ हिला कर उन सभी का अभिवादन किया. उन्होंने अमेठी नगर में महात्मा गांधी और अपने पिता राजीव गांधी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया. राहुल का काफिला आज फुरसतगंज की अकेलवा मैदान में रात्रि विश्राम करेगा और 20 फरवरी को सुबह 10 बजे रायबरेली के लिए रवाना होगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu