भाजपा डरी हुई है, हमें बदनाम कर खत्म करना चाहती है : केजरीवाल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 11 Feb 2024 07:51 PM
भाजपा डरी हुई है, हमें बदनाम कर खत्म करना चाहती है : केजरीवाल
ऑडियो सुनें

तरन तारन. आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) उनकी पार्टी से डरी हुई है और उसे बदनाम कर खत्म करना चाहती है. एक निजी कंपनी से बिजली संयंत्र को पंजाब सरकार द्वारा अधिग्रहीत करने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने ‘आप’ शासित पंजाब के करीब आठ हजार करोड़ रुपये रोक कर रखे हैं.

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा, ” आज भाजपा केवल एक पार्टी से डरती है और वह ‘आप’ है. ‘आप’ ने पिछले 10 साल में देश में तेजी अपना दायरा बढ़ाया है. आप 10 साल का बच्चा है. यह छोटी सी पार्टी उसे (भाजपा को) चैन से सोने नहीं दे रही है. हम उनके सपनों में राक्षक की तरह आते हैं.” उन्होंने कहा कि 10 साल की अवधि में ‘आप’ ने दिल्ली और पंजाब में सरकार बनाई है और गुजरात व गोवा में उसके विधायक हैं.

केजरीवाल ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की उपस्थिति में कहा, ” जहां भी हम चुनाव लड़ते हैं, वहां बहुत से मत हासिल करते हैं. आज भाजपा डरी है कि अगर यह (आप) इसी तरह बढ़ती रही तो केंद्र में भी ‘आप’ की सरकार होगी.” ‘आप’ नेता ने कहा, ”हमारी एक ताकत है और वह है स्पष्ट मंशा के साथ ईमानदारी. हम जनता की सेवा करते हैं. हम स्कूल और अस्पताल बनाते हैं, बिजली का अधिकार देते हैं और सड़क बनाते हैं.” उन्होंने दावा किया कि भाजपा ऐसा काम नहीं कर सकती . केजरीवाल ने कहा कि भाजपा विगत कई सालों से सरकार चला रही है.

उन्होंने कहा, ” पिछले 30 साल से वह गुजरात में सरकार चला रही है और गत 15 साल से मध्य प्रदेश में उसकी सरकार है. वहां एक स्कूल ठीक नहीं है. वे कुछ नहीं करते.” केजरीवाल ने दावा किया कि जो काम ‘आप’ कर सकती है वह भाजपा नहीं. उन्होंने कहा, ”अगर आपमें हिम्मत है तो कुछ काम करके दिखाइये.” उन्होंने आरोप लगाया, ” वे ‘आप’ का दमन कर उसे खत्म करना चाहते हैं…उसके नेताओं को गिरफ्तार कर ‘आप’ को बदनाम करना चाहते हैं. वे हर रोज नए आरोप लगाते हैं. ” केजरीवाल ने केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा उन्हें जारी समन को लेकर भी केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधा.

कथित आबकारी घोटाले में ‘आप’ नेता और दिल्ली के पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी का हवाला देते हुए केजरीवाल ने सवाल किया कि क्या उनकी गलती अच्छे विद्यालयों का निर्माण करना थी? केजरीवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा शासित राज्यों गुजरात, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में सरकारी स्कूल एक-एक करके बंद किए जा रहे हैं. उन्होंने उपस्थित लोगों से सवाल किया कि चोर कौन है? वह जो गरीबों के लिए स्कूल बनाता है या वह जो उन्हें बंद कर देता है? केजरीवाल ने कहा कि ‘आप’ सरकार ने दिल्ली और पंजाब में बिजली मुफ्त कर दी है जबकि गुजरात, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में यह ‘बहुत महंगी’ है.

उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए और आप नेताओं मनीषा सिसोदिया, संजय सिंह और सत्येन्द्र जैन की गिरफ्तारी का जिक्र करते हुए कहा, ”वे ‘आप’ को खत्म करने पर तुले हुए हैं.” ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक ने भाजपा नीत केंद्र सरकार पर हमला करते हुए आरोप लगाया कि वह दिल्ली और पंजाब की ‘आप’ सरकार द्वारा शुरू किए गए काम में रोड़े अटका रही है. उन्होंने आरोप लगाया, ”वे हमें काम करने नहीं दे रहे हैं.”

केजरीवाल ने केंद्र पर पंजाब के आठ हजार करोड़ रुपये रोकने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस राशि का उपयोग सड़कों और अस्पतालों के निर्माण पर किया जा सकता था. उन्होंने सवाल किया, ”वे हमें क्यों रोक रहे हैं?” ‘आप’ नेता ने आरोप लगाया कि पिछले साल पंजाब के राज्यपाल ने विधानसभा के सत्र की अनुमति नहीं दी थी. उन्होंने सवाल किया, ”वे पंजाब के लोगों के लिए किए जा रहे काम क्यों रोक रहे हैं?” केजरीवाल ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार दिल्ली की ‘आप’ सरकार को काम करने नहीं दे रही है.

उन्होंने दावा किया कि दिल्ली के लोगों ने मन बना लिया है कि वे आगामी लोकसभा चुनाव में सभी सात संसदीय सीटों पर ‘आप’ की जीत सुनिश्चित करेंगे. पिछले (2019)लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय राजधानी की सभी सात सीट पर भाजपा ने जीत दर्ज की थी. केजरीवाल ने पंजाब के लोगों से अपील की कि वे राज्य की सभी 13 लोकसभा सीट पर ‘आप’ की जीत सुनिश्चित करें. उन्होंने कहा, ” …अगर आप पंजाब की 13 सीट ‘आप’ को देते हैं तो मान साहब का हाथ मजबूत होगा. तब केंद्र राज्य की राशि रोकने की हिम्मत नहीं करेगी.”

बिजली संयंत्र के अधिग्रहण का जिक्र करते हुए केजरीवाल ने कहा कि यह एक ईमानदार और बेईमान सरकार के बीच अंतर दिखाता है. उन्होंने आरोप लगाया कि एक बेईमान सरकार एलआईसी(भारतीय जीवन बीमा), हवाई अड्डों, बंदरगाहों और बिजली कंपनियों जैसे बुनियादी ढांचे और संगठनों को कम कीमतों पर ‘बेचती’ है.

उन्होंने दावा किया कि 75 साल में पहली बार हो रहा है कि निजी बिजली संयंत्र को किसी सरकार ने खरीदा है. केजरीवाल ने दावा किया कि ”नया संयंत्र बनाने में करीब 5,500 करोड़ रुपये का खर्च आता लेकिन इसे 1,100 करोड़ रुपये में खरीदा गया है और इस प्रकार 4,500 करोड़ रुपये की बचत हुई है.” उन्होंने मान सरकार की प्रशंसा की. दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा, ” यह संयंत्र अब तक घाटे में चल रहा था. हमने इसे लाभ देने वाले संयंत्र में तब्दील करने की योजना बनाई है.” पंजाब सरकार ने इस बिजली संयंत्र को जीवीके पावर से खरीदा है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu