भाजपा ने केंद्रीय मंत्री बिट्टू को राजस्थान, जॉर्ज कूरियन को मध्य प्रदेश से बनाया राज्यसभा उम्मीदवार

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को राज्यसभा की नौ सीट के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी. केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कूरियन को मध्य प्रदेश से, जबकि रवनीत सिंह बिट्टू को राजस्थान से प्रत्याशी बनाया गया है. पार्टी की ओर से जारी उम्मीदवारों की सूची के मुताबिक, करीब दो माह पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुईं किरण चौधरी को हरियाणा से उम्मीदवार बनाया है. चौधरी ने मंगलवार सुबह हरियाणा विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था. कांग्रेस नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा के रोहतक क्षेत्र से लोकसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद हरियाणा में राज्यसभा की एक सीट पर उपचुनाव की आवश्यकता पैदा हुई है.

इस सीट के लिए नामांकन दाखिल करने का आखिरी दिन बुधवार है. विधानसभा में भाजपा विधायकों की संख्या को देखते हुए पार्टी की इस सीट से जीत तय मानी जा रही है. भाजपा ने वरिष्ठ अधिवक्ता मनन कुमार मिश्रा को बिहार से उम्मीदवार बनाया है. पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा बिहार से राज्यसभा की दूसरी सीट के लिये सत्ताधारी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार हैं.

बिहार में राज्यसभा की दो सीट के लिए उपचुनाव होने हैं. उच्च सदन की ये सीट विवेक ठाकुर (भाजपा) और मीसा भारती (राजद) के लोकसभा के लिए चुने जाने के बाद खाली हुई हैं. भाजपा ने असम से मिशन रंजन दास और पूर्व केंद्रीय मंत्री रामेश्वर तेली को, महाराष्ट्र से धैर्यशील पाटिल, ओडिशा से ममता मोहंता और त्रिपुरा से राजीव भट्टाचार्य को उम्मीदवार घोषित किया है. ममता मोहंता हाल में ही बीजू जनता दल (बीजद) छोड़कर भाजपा में शामिल हुई थीं. नौ राज्यों में राज्यसभा की 12 रिक्त सीट के लिए चुनाव तीन सितंबर को होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button