नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को ‘बेशर्म’ करार देते हुये उनके इस्तीफे की मांग की और आरोप लगाया कि कोलकाता में चिकित्सक से बलात्कार और हत्या के दोषियों को बचाने के लिए उनके इशारे पर अहम सबूत नष्ट कर दिए गए. पार्टी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं की भी आलोचना की और उन्हें ‘राजनीतिक गिद्ध’ करार दिया.
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने यहां भाजपा मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ”ममता बनर्जी… ‘ममता विध्वंसक’ हैं. अपने कार्यों से उन्होंने एक महिला और एक चिकित्सक की गरिमा को नष्ट कर दिया, जो समाज की सेवा कर रही थी. ममता बनर्जी कानून के शासन और संविधान की विध्वंसक हैं.” उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने सामूहिक बलात्कार एवं चिकित्सक की हत्या की ‘संभावना’ की त्वरित जांच सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए बल्कि उन्होंने जघन्य अपराध के अहम सबूत नष्ट करवाए.
भाटिया ने कहा, ”और विध्वंसक… बेशर्म ममता की बेशर्मी देखिए. उन्होंने कोलकाता में एक मार्च निकाला जबकि पूरा देश बलात्कार और हत्या की वीभत्स घटना से र्शिमंदा था … उन्हें (मुख्यमंत्री पद से) तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए.” कोलाकाता के आर जी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के सेमिनार हॉल में नौ अगस्त को एक युवा महिला चिकित्सक का शव मिला था. ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक से बलात्कार व हत्या की घटना के कारण देशभर में रोष व्याप्त है. इस अपराध के सिलसिले में घटना के अगले दिन एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था.
मृत चिकित्सक के लिए न्याय की मांग को लेकर मेडिकल कॉलेज के छात्रों का विरोध प्रदर्शन जारी है. कलकत्ता उच्च न्यायालय ने मंगलवार को मामले की जांच कोलकाता पुलिस से केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपने का आदेश दिया था. फिलहाल, सीबीआई मामले की जांच कर रही है. बृहस्पतिवार तड़के करीब 40 लोगों के एक समूह ने अस्पताल में घुसकर आपातकालीन विभाग, र्निसंग यूनिट और दवा स्टोर में तोड़फोड़ की.
भीड़ ने सरकारी अस्पताल में सीसीटीवी कैमरे भी क्षतिग्रस्त कर दिए और उस मंच पर भी तोड़फोड़ की, जहां जूनियर डॉक्टर एक महिला डॉक्टर के कथित बलात्कार और हत्या के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे और अपने कार्यस्थल पर सुरक्षा की मांग कर रहे थे.
भाटिया ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है और ममता बनर्जी के नेतृत्व में राज्य में पूरी तरह से अव्यवस्था व्याप्त है.
उन्होंने कहा, ”प्रथम दृष्टया, टीएमसी (तृणमूल कांग्रेस) के बेलगाम गुंडे मेडिकल कॉलेज में घुस गए थे और वे सीसीटीवी नष्ट करना चाहते थे ताकि सभी सबूत नष्ट हो जाएं.” उन्होंने कहा, ”वह (बनर्जी) मामले में महत्वपूर्ण सबूतों को नष्ट करने पर आमादा थीं. ममता बनर्जी अपराधियों के साथ खड़ी हैं. उनके खिलाफ कार्रवाई करना तो दूर, वह उन्हें पुरस्कृत करती है. उन्होंने तुरंत मामला सीबीआई को क्यों नहीं सौंप दिया?” भाटिया ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए यह आरोप भी लगाया कि उसके नेताओं ने भाजपा शासित राज्यों सहित देश के विभिन्न हिस्सों में सामने आए ऐसे मामलों से इसकी तुलना कर प्रशिक्षु डॉक्टर के बलात्कार एवं हत्या के मामले को ‘सामान्यीकृत’ कर दिया.
भाजपा प्रवक्ता ने कहा, ”आरजी (राहुल गांधी) का मतलब अब राहुल गांधी नहीं हैं, इसका मतलब ‘राजनीतिक गिद्ध’ है. उन्होंने पहले कोलकाता बलात्कार और हत्या मामले पर अपनी चुप्पी से और फिर गिद्ध राजनीति में लिप्त होने के लिए एक बेतुका ट्वीट करके पूरे देश को शर्मसार कर दिया. उन्होंने भाजपा शासित राज्यों के बारे में ट्वीट किया लेकिन विपक्ष शासित राज्यों पर कोई टिप्पणी नहीं की.” भाटिया ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा पर भी निशाना साधा और कहा कि वह ‘गिद्ध राजनीति’ करने में राहुल गांधी से आगे निकल गई हैं क्योंकि उन्होंने कहा कि कोलकाता, बिहार और उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराधों की घटनाओं से पूरा देश हिल गया है.
उन्होंने कहा, ”इंडिया’ गठबंधन ‘राजनीतिक गिद्ध’ होने का पर्याय है. उन्हें देश में महिलाओं की गरिमा की भी चिंता नहीं है. उन्हें केवल सस्ती और ओछी राजनीति की चिंता है.” भाटिया ने बनर्जी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह से ध्वस्त होने का आरोप लगाया और कहा कि पीड़िता को न्याय मिलने तक भाजपा अपना संघर्ष जारी रखेगी.