भाजपा एक खास समुदाय को निशाना बनाकर अपना एजेंडा तय करती है: सोरेन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 07 Nov 2024 09:00 PM
भाजपा एक खास समुदाय को निशाना बनाकर अपना एजेंडा तय करती है: सोरेन
ऑडियो सुनें

खूंटी. झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राजनीतिक लाभ के लिए एक खास समुदाय को निशाना बनाकर अपना एजेंडा तय करती है. सोरेन ने आरोप लगाया कि भाजपा राज्य में सांप्रदायिकता का जहर फैला रही है. खूंटी जिले में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए सोरेन ने आरोप लगाया कि भाजपा का राज्य की ‘माटी, बेटी और रोटी’ से कोई लेना-देना नहीं है.

उन्होंने कहा, “भाजपा को केवल राज्य के पैसे और खनिज संसाधनों में रुचि है. उनका ‘माटी, बेटी और रोटी’ से कोई लेना-देना नहीं है. वह एक विशेष समुदाय को निशाना बनाकर अपना एजेंडा तय करती है.” भाजपा नेता अपनी राजनीतिक रैलियों में दावा करते रहे हैं कि बांग्लादेशी घुसपैठियों के कारण झारखंड की ‘माटी, बेटी और रोटी’ खतरे में है. असम के अपने समकक्ष हिमंत विश्व शर्मा पर हमला करते हुए सोरेन ने कहा कि वे पिछले छह-सात महीनों से झारखंड में घूम रहे हैं और ‘माटी, बेटी और रोटी’ के अलावा बांग्लादेशी घुसपैठियों के बारे में बात कर रहे हैं, लेकिन मणिपुर में आदिवासी महिलाओं पर अत्याचार को लेकर चुप हैं.

उन्होंने कहा, “उन्होंने हमारे बीच केवल सांप्रदायिकता का जहर फैलाया है.” उन्होंने आरोप लगाया, “वे ‘माटी’ की बात करते हैं लेकिन छत्तीसगढ़ में उन्होंने हसदेव जंगल को अपने मित्र को दे दिया है और आदिवासियों को जंगल से भगाया जा रहा है.” सोरेन ने दावा किया कि भाजपा की नजर राज्य के ‘जल, जंगल और जमीन’ पर है और वह आदिवासियों को विस्थापित करना चाहती है.
उन्होंने कहा, “वे (भाजपा) केवल झूठ फैलाते हैं. वे 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने का वादा करते हैं. क्या वे असम, छत्तीसगढ़ या बिहार में इसे उपलब्ध करा रहे हैं? वे जेबकतरे हैं जो चुपचाप लोगों की जेब से चीजें चुरा लेते हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu