कोलकाता में चिकित्सक की हत्या मामले में सवालों को टालने पर भाजपा ने राहुल गांधी पर साधा निशाना

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कोलकाता में एक चिकित्सक के साथ बलात्कार और उसकी हत्या बारे में सवालों को टालने के लिए मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी की आलोचना की और कहा कि इस मुद्दे पर टिप्पणी करने से इनकार करना ‘पीड़िता और सभी महिलाओं का अपमान’ है.

राहुल गांधी उत्तर प्रदेश के रायबरेली में 22 वर्षीय दलित व्यक्ति के परिवार से मिलने आए थे, जिसकी जिले के सलोन इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी. कांग्रेस सांसद की सलोन यात्रा के दौरान उनसे कोलकाता के चिकित्सक के साथ बलात्कार एवं हत्या बारे में पत्रकारों ने सवाल पूछा था. कांग्रेस नेता ने इस मुद्दे पर सवालों को टाल दिया और कहा कि वह भविष्य में इस मुद्दे पर बोलेंगे क्योंकि वह उस दलित युवक की हत्या के मुद्दे से ध्यान नहीं भटकाना चाहते हैं, जिसके परिवार से वह मिलने पहुंचे हैं.

भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, ”आर जी कर मेडिकल मामले और उच्चतम न्यायालय द्वारा बंगाल सरकार एवं पुलिस की आलोचना के बारे में पूछे जाने पर, राहुल गांधी बेशर्मी से कहते हैं कि ‘मैं विचलित नहीं होऊंगा.” उन्होंने राहुल गांधी के जवाब का एक वीडियो क्लिप भी साझा किया और पूछा, ”क्या बेटी के लिए न्याय ध्यान भटकाने वाला है.”

पूनावाला ने आरोप लगाया, “जो लोग संविधान और लड़की हूं के बारे में बोलते हैं और उप्र में पीड़ितों के घर जाते हैं, वह घोर अन्याय को ध्यान भटकाने वाला बताते हैं क्योंकि यह बंगाल में हुआ है.” पश्चिम बंगाल के भाजपा सह प्रभारी अमित मालवीय ने भी राहुल गांधी की इस पर प्रतिक्रिया के लिए आलोचना की और उन्हें ”बेशर्म और रीढ़विहीन प्राणी” करार दिया. उन्होंने आरोप लगाया, ”बेशर्म राहुल गांधी आर जी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में युवा महिला चिकित्सक के साथ बलात्कार एवं हत्या की घटना को ध्यान भटकाने वाला बताते हैं.” उन्होंने कहा, “ऐसा रीढ़विहीन प्राणी भारत का प्रधानमंत्री बनने की आकांक्षा रखता है. कभी नहीं.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button