लोकसभा चुनाव में भाजपा 370 की संख्या पार करेगी, कांग्रेस का सफाया तय : प्रधानमंत्री मोदी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 11 Feb 2024 09:29 PM
लोकसभा चुनाव में भाजपा 370 की संख्या पार करेगी, कांग्रेस का सफाया तय : प्रधानमंत्री मोदी
ऑडियो सुनें

झाबुआ. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि उन्हें विश्वास है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आगामी लोकसभा चुनाव में 370 सीट का आंकड़ा पार कर जाएगी और यहां तक की संसद में विपक्षी नेता भी कह रहे हैं कि सत्तारूढ. राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को 400 से अधिक सीट मिलेंगी.

मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले में आदिवासी समुदाय के सदस्यों की एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस आदिवासी विरोधी है और उन्हें केवल चुनाव के समय ही गांव, किसान और गरीब याद आते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि जब उन्होंने देश के दक्षिण में भगवान राम से जुड़े मंदिरों का दौरा किया तो उन्हें लोगों से जबरदस्त प्यार मिला. प्रधानमंत्री ने कहा कि सत्ता से बाहर होने के बाद कांग्रेस और उसके सहयोगी फूट डालने की अपनी आखिरी रणनीति का सहारा ले रहे हैं.

उन्होंने कहा, ” कांग्रेस जब सत्ता में रहती है तो लोगों को लूटने का काम करती है और जब सत्ता से बाहर होती है तो भाषा, क्षेत्र और जाति के आधार पर (समाज में) बांटने का काम करती है. लूट और फूट कांग्रेस का ऑक्सीजन है.” प्रधानमंत्री ने कहा कि चूंकि वह आदिवासियों और गरीबों की भलाई के लिए काम कर रहे हैं इसीलिए कांग्रेस और अन्य विपक्षी नेता उन्हें अपशब्द बोलते हैं. उन्होंने कहा, ” लेकिन लोग कांग्रेस की सच्चाई जानते हैं और उसे उनके मकसद में कभी कामयाब नहीं होने देंगे.” प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस अपने ही पापों के दलदल में फंस चुकी है वह जितना निकलने की कोशिश करेगी उतना फंसेगी.

उन्होंने कहा कि 2023 (विधानसभा चुनाव) में कांग्रेस की छुट्टी हो गई और आगामी लोकसभा चुनाव में इसका पूरा सफाया होना तय है.
प्रधानमंत्री कहा, ” विधानसभा चुनावों में लोगों ने कांग्रेस को आईना दिखाया. आगामी लोकसभा चुनावों में भी देश के कौने-कौने में मिजाज ऐसा ही है.”

प्रधानमंत्री ने मतदाताओं से आगामी चुनाव में भाजपा को लोकसभा की 543 में से 370 सीट जिताने के लिए पिछले तीन चुनावों में प्रत्येक बूथ पर पार्टी को मिले सबसे अधिक मत की तुलना में 370 अतिरिक्त वोट सुनिश्चित करने को कहा. प्रधानमंत्री ने कहा कि इतना ही नहीं, संसद में विपक्षी नेता भी अब भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन राजग के लिए ”अबकी बार 400 पार” की बात कह रहे हैं.

मोदी ने कहा, ”मुझे यकीन है कि भाजपा का कमल निशान निश्चित रूप से अपने दम पर 370 का आंकड़ा पार कर जाएगा.” प्रधानमंत्री ने कहा कि वह लोकसभा चुनाव को लेकर प्रचार करने के लिए झाबुआ नहीं आए हैं, बल्कि हालिया विधानसभा चुनावों में मध्य प्रदेश में मिले जबरदस्त समर्थन के लिए लोगों को धन्यवाद देने के खातिर एक ‘सेवक’ के रूप में आए हैं. भाजपा ने हाल ही में मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ. के विधानसभा चुनावों में प्रचंड बहुमत से जीत हासिल की है.

जनसभा को संबोधित करने से पहले शुरू की गई 7,550 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, ” हमारी ‘डबल इंजन’ सरकार मध्य प्रदेश में दोगुनी गति से काम कर रही है.” उन्होंने पिछले साल शुरू किए गए राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन 2047 का जिक्र करते हुए कहा, ”हमने वोट के लिए नहीं, बल्कि आदिवासियों के स्वास्थ्य के लिए सिकल सेल एनीमिया के खिलाफ अभियान शुरू किया है.” झाबुआ एक आदिवासी बहुल जिला है जिसकी सीमा भाजपा शासित राज्य- गुजरात और राजस्थान, से सटी हुई है.

संयोग से, देशभर में अनुसूचित जनजातियों के लिए आरक्षित 47 लोकसभा सीट में से छह मध्य प्रदेश में, चार गुजरात में और तीन राजस्थान में हैं. भाजपा ने 2019 के लोकसभा चुनावों में मध्य प्रदेश की 29 लोकसभा सीट में से 28 पर जीत हासिल की थी, जिसमें एसटी के लिए आरक्षित छह सीट शामिल हैं. इसके अलावा गुजरात की सभी 26 और राजस्थान की 25 सीट पर भी जीत दर्ज की थी.

उन्होंने कहा, ” दक्षिण में जब मैंने भगवान राम से जुड़े मंदिरों का दौरा किया तो महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने मुझ पर अनगिनत आशीर्वाद बरसाए. मैंने देश की ताकत को अनुभव किया.” प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के दौरान पार्टी ने कभी भी आदिवासियों के विकास या उनके सम्मान के बारे में नहीं सोचा और उन्हें केवल वोट बैंक माना.

मोदी ने कहा, ” कांग्रेस ने एक आदिवासी महिला (द्रौपदी मुर्मू) को राष्ट्रपति बनने से रोकने की भी कोशिश की.” उन्होंने सभा में कहा, ” भाजपा के लिए आदिवासी वोट बैंक नहीं, बल्कि देश का गौरव और भविष्य हैं. मोदी उनके लिए काम करने की गारंटी देता है.” प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान (2014 तक) आदिवासी बच्चों के लिए केवल 100 एकलव्य आवासीय स्कूल खोले गए, जबकि अब यह आंकड़ा चार गुना हो गया है.

उन्होंने कहा, ” एक भी आदिवासी शिक्षा के अभाव में पीछे रह जाए ये मोदी को मंजूर नहीं है.” प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने आदिवासियों के कल्याण के लिए एक मंत्रालय की स्थापना की. उन्होंने कहा कि वे वन फसल, जिन पर सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) सुनिश्चित करती है, उनकी संख्या 10 से बढ.ाकर लगभग 90 कर दी गई है और ‘वन धन’ केंद्र भी खोले गए हैं, जबकि जन-मन योजना भी लागू की जा रही है.

उन्होंने कहा, ” 1.75 लाख से अधिक लाभार्थियों को भूमि अधिकार संबंधी समस्याओं से बचाने के लिए आज ‘स्वामित्व पत्र’ दिए गए. भाजपा सरकार ने आदिवासियों को भूमि अधिकार वापस कर दिए हैं.” प्रधानमंत्री ने कहा कि झाबुआ में एक ‘सीएम राइज स्कूल’ शुरू किया जाएगा. इसके साथ ही उन्होंने यहां ‘क्रांतिसूर्य टंट्या मामा भील विश्वविद्यालय’ की आधारशिला भी रखी.

मोदी ने कहा, ” यह मेरी गारंटी है कि तीन करोड़ महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाया जाएगा. महिला किसानों को ड्रोन उपलब्ध कराए जाएंगे ताकि वे ‘नमो ड्रोन दीदी’ बनकर कृषि क्रांति ला सकें.” उन्होंने कहा, ” कांग्रेस ने गांवों के बारे में चिंता नहीं की और अपने महलों की चिंता में डूबी रही. अब, स्थानीय कांग्रेस पदाधिकारी अपने वरिष्ठ नेताओं से पूछ रहे हैं कि मोदी के खिलाफ वोट कैसे मांगा जाए. वे मुसीबत में हैं.” प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस जर्जर हालत में है और मध्य प्रदेश में कांग्रेस के अंदर खूब भगदड़ मची हुई है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu