भाजपा करेगी मेरे भविष्य की भूमिका फैसला: रघुबर दास

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 25 Dec 2024 08:04 PM
भाजपा करेगी मेरे भविष्य की भूमिका फैसला: रघुबर दास

ऑडियो सुनें

भुवनेश्वर. ओडिशा के निवर्तमान राज्यपाल रघुबर दास ने बुधवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उनकी भविष्य की भूमिका के बारे में फैसला करेगी. दास ने आज सुबह पुरी में जगन्नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की. दास ने पुरी में मीडियार्किमयों से बात करते हुए कहा, ”मैं एक मजदूर परिवार से आता हूं और 1980 में भाजपा की सदस्यता ली थी. मैंने बूथ स्तरीय समिति के अध्यक्ष से लेकर मंडल, राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है. मुझे झारखंड के लोगों की सेवा करने का भी अवसर मिला. इसलिए, हमारी पार्टी मेरी भविष्य की भूमिका के बारे में फैसला करेगी.”

दास ने कहा कि ओडिशा में उनका अनुभव सुखद रहा और यह उनके लिए यादगार रहेगा. ओडिया लोगों के जुनून को सलाम करते हुए उन्होंने उम्मीद जतायी कि 2036 में जब राज्य अपने गठन के 100 साल पूरे करेगा, तब ओडिशा एक विकसित राज्य बन जाएगा. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ओडिशा में ‘डबल इंजन’ की सरकार गरीबों के विकास के लिए काम कर रही है.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को मिजोरम के मौजूदा राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति को ओडिशा का नया राज्यपाल नियुक्त किया. राष्ट्रपति ने ओडिशा के राज्यपाल पद से दास का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है. रघुबर दास को 18 अक्टूबर 2023 को ओडिशा का राज्यपाल नियुक्त किया गया था.

By Yogesh Kumar Sahu