विनेश फोगाट को ओलम्पिक में अयोग्य करार दिए जाने पर बॉलीवुड की हस्तियों ने जताया दुख

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 07 Aug 2024 08:28 PM
विनेश फोगाट को ओलम्पिक में अयोग्य करार दिए जाने पर बॉलीवुड की हस्तियों ने जताया दुख
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. पेरिस ओलम्पिक में 50 किलोग्राम स्पर्धा के फाइनल मुकाबले से पहले पहलवान विनेश फोगाट को अयोग्य करार दिए जाने के बाद फिल्म जगत के कलाकारों ने उनका समर्थन किया है. आलिया भट्ट और करीना कपूर खान तथा अभिनेता फरहान अख्तर जैसे कलाकारों ने उन्हें “जीवंत हस्ती” और “सर्वकालिक चैंपियन” बताते हुए उनकी प्रशंसा की.

ओलम्पिक के फाइनल में पहुंचने वाली पहली महिला पहलवान बनकर मंगलवार को इतिहास रचने वाली फोगाट को बुधवार को मुकाबले से पहले 100 ग्राम अधिक वजन पाए जाने के बाद अयोग्य घोषित कर दिया गया और इसके साथ ही पदक जीतने का उनका सपना अधूरा रह गया. खान ने इंस्टाग्राम पर लिखा, “विनेश फोगाट, जीवंत हस्ती. पेरिस ओलम्पिक 2024.” भट्ट ने फोगाट को पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत बताया.

उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा, “कोई भी आपसे आपका वह धैर्य, साहस और परिश्रम नहीं छीन सकता, जिसके दम पर आपने इतिहास रचा. आज आपके साथ-साथ हमारा भी दिल टूटा है, लेकिन आप तो खुद ही सोना हो, फौलाद हो. कोई आपसे यह नहीं छीन सकता. सर्वकालिक चैंपियन! आपके जैसा कोई नहीं.” अख्तर ने कहा कि स्वर्ण पदक तक पहुंचने का विनेश का सफर इस तरह खत्म होने से उनका दिल टूट गया है, लेकिन उन्होंने जो हासिल किया है, उसपर उन्हें बहुत गर्व है.

अख्तर ने लिखा, “प्रिय विनेश फोगाट..आपको जो दुख हुआ होगा उसकी कोई केवल कल्पना ही कर सकता है. आपका सफर इस तरह खत्म होने से दिल टूट गया है. लेकिन कृपया यह बात जान लें कि हम सभी को आप पर और आपने खेल के लिए जो किया है, उसपर बहुत गर्व है. आप हमेशा चैंपियन और लाखों लोगों की प्रेरणास्रोत रहेंगी. इसके अलावा अभिनेत्रियों- सना फातिमा शेख, भूमि पेडनेकर और स्वरा भास्कर, फिल्मकार जोया अख्तर, अभिनेत्री एवं भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने भी विनेश को अयोग्य करार दिए जाने पर दु:ख जताया.

बेहद क्रूर, दिल तोड़ने वाला , विनेश के ओलंपिक से अयोग्य होने पर देश में निराशा

विनेश फोगाट के स्वर्ण पदक जीतने की उम्मीदों के साथ सुबह उठे भारतीय खेलप्रेमियों को उनके ओलंपिक से अयोग्य करार दिये जाने की खबर पर सहसा यकीन ही नहीं हुआ और हर तबके से लोगों ने इसे पेरिस ओलंपिक में ‘सबसे बड़ा झटका’ और ‘क्रूर ‘ करार दिया .

विनेश को महिला कुश्ती के 50 किलोवर्ग में फाइनल मुकाबले से पहले वजन अधिक पाये जाने के कारण अयोग्य करार दिया गया . अब वह स्वर्ण पदक जीतने के करीब पहुंचने के बाद खाली हाथ लौटेंगी. इस खबर को लेकर प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर भारी रोष जताया है और विनेश के लिये समर्थन जाहिर करते हुए कइयों ने ‘तानाशाही व्यवस्था’ पर सवाल भी उठाये हैं .

एक प्रशंसक ने लिखा ,” विनेश फोगाट के ओलंपिक सफर का यह क्रूर अंत है . वह जीत की राह पर अग्रसर थी .” एक अन्य ने लिखा ,”भारत के लिये 2024 ओलंपिक का सबसे बड़ा झटका . विनेश फोगाट को सौ ग्राम वजन अधिक पाये जाने के कारण ओलंपिक से बाहर कर दिया गया . भारत की शेरनी जो स्वर्ण जीतने वाली थी , अब पदक के बिना लौटेगी . दिल टूट गया है .” एक अन्य प्रशंसक ने लिखा ,” यह भयावह और क्रूर है . आप पूरी जिंदगी इस दिन के लिये तैयारी करते हैं और 50 किलो से कुछ ग्राम अधिक होने के कारण अयोग्य करार दिये जाते हैं .” कुछ ने लिखा ,” पूरा देश स्तब्ध है . एक बार फिर विनेश तानाशाह व्यवस्था से हार गई .” ओलंपिक में भाग लेने के लिये 53 किलो से 50 किलोवर्ग में उतरी विनेश का वजन सुबह सौ ग्राम अधिक पाया गया था . खिलाड़ियों से लेकर बॉलीवुड सितारों तक ने इस खबर पर नाराजगी जताई है .

महान क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने कहा ,” यह सबसे दुर्भाग्यपूर्ण है और अनुचित भी . मुझे उम्मीद है कि अधिकारी इस पर गौर करके कड़ा विरोध जतायेंगे क्योंकि यह शुरूआती दौर का मुकाबला नहीं था .” उन्होंने कहा ,” हम पदक दौर की बात कर रहे हैं . भारतीय ओलंपिक संघ या भारत सरकार को इसका सख्त विरोध करना चाहिये .”

रियो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता पहलवान साक्षी मलिक ने कहा ,” मैं बहुत दुखी हूं . विनेश ने जो कर दिखाया, उसकी कोई कल्पना भी नहीं कर सकता था.” उन्होंने लिखा ,” इस ओलंपिक में किसी भारतीय खिलाड़ी के साथ यह सबसे दर्दनाक हादसा है . हम सोच भी नहीं सकते कि उस पर क्या गुजर रही होगी . अगर संभव होता तो मैं अपना पदक उसे दे देती .” तोक्यो ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता बजरंग पूनिया ने कहा कि विनेश को रजत पदक दिया जाना चाहिए. उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ”विनेश को रजत पदक दो. ” पूर्व पहलवान और 2010 राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता गीता फोगाट ने भी लिखा, ”विनेश को रजत पदक दो. ” भारत के पूर्व विश्व कप विजेता आलराउंडर युवराज सिंह ने कहा, ”मेरा हमेशा से मानना ??रहा है कि सबसे बड़ी असफलताओं के बाद ही सबसे बड़ी वापसी होती है. आपने पूरे देश को गौरवान्वित किया है और हम सब मिलकर आपको और मजबूत और विजयी होकर वापस आते देखने के लिए उत्सुक हैं. आपको ढेर सारी शक्ति मिले. ”

महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने विनेश और निशा दहिया के लिए कुछ प्रोत्साहन भरे शब्द कहे. उन्होंने कहा, ”निशा दहिया और विनेश फोगाट, आपके साहस और दृढ. संकल्प ने पूरे देश को प्रेरित किया है. निशा चोट के बावजूद इस तरह की भावना से लड़ना वाकई शानदार था. ” उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ”विनेश अयोग्य किये जाने से दिल टूटने के बावजूद आपने फाइनल तक की अविश्वसनीय यात्रा के लिए प्रशंसा अर्जित की है. आप दोनों चैम्पियन की भावना को मूर्त रूप देते हैं. हालांकि परिणाम ऐसे नहीं थे जैसी हमें उम्मीद थी. अपना सिर ऊंचा रखें क्योकि पूरा देश आपके समर्थन में खड़ा है. भारत के लिए अपना सब कुछ देने के लिए धन्यवाद. हमें आप दोनों पर फक्र है. ” महिंद्रा और महिंद्रा समूह के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने लिखा ,” नहीं . नहीं . नहीं . इसे बुरा सपना बना दीजिये ताकि मैं उठूं तो मुझे पता चले कि यह सत्य नहीं था .” आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने ओलंपिक के बहिष्कार की मांग की .

उन्होंने एक्स पर लिखा ,”यह विनेश का नहीं बल्कि देश का अपमान है . विनेश इतिहास रचने जा रही थी और उसे सौ ग्राम वजन बढने पर बाहर करना अन्याय है . पूरा देश विनेश के साथ है . भारत सरकार को तुरंत दखल देना चाहिये और सुनवाई नहीं होती है तो ओलंपिक का बहिष्कार किया जाये .” बॉलीवुड स्टार फरहान अख्तर ने लिखा ,” हम यह समझने की कोशिश कर सकते हैं कि आप पर क्या बीत रही होगी . इस तरह सफर खत्म होने से आपका दिल टूटा है . लेकिन हम सभी को आप पर गर्व है . आप हमेशा से चैम्पियन थी और लाखों की प्रेरणास्रोत हैं .”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu