बॉक्स ऑफिस: इन दिनों सिनेमाघरों में फिल्मों के खूब विकल्प हैं। साउथ से लेकर बॉलीवुड और हॉलीवुड तक हर जॉनर की फिल्म लगी है। रजनीकांत की ‘जेलर 2’ 15 अक्तूबर को रिलीज हुई और शानदार शुरुआत की। ‘दृश्यम 3’ भी तारीफें बटोर रही है। वहीं 16 अक्तूबर को ‘रणबाली’, ‘प्रहार’ और ‘नई नवेली’ जैसी फिल्में आईं। जानें कमाई के मामले में इनका हाल कैसा रहा।
‘जेलर 2’ दूसरे दिन बनी 200 करोड़ी
रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2’ ने ओपनिंग डे पर 59.70 करोड़ रुपये की कमाई की थी। शुक्रवार को दूसरे दिन इसकी कमाई में गिरावट दिखी और फिल्म ने 35.60 करोड़ रुपये कमाए। इसका कुल इंडिया नेट कलेक्शन 95.94 करोड़ रुपये हो गया है। वर्ल्डवाइड यह 200 करोड़ क्लब में शामिल हो गई है और इसका कलेक्शन 209.10 करोड़ रुपये पहुंच गया है।
भारत में भाषा के हिसाब से देखें तो:
- तमिल में सबसे ज्यादा 68.60 करोड़ रुपये
- तेलुगु में 19.75 करोड़ रुपये
- कन्नड़ में 70 लाख रुपये
- हिंदी में 6.25 करोड़ रुपये
‘रणबाली’ की शुरुआत कैसी रही?
विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की फिल्म ‘रणबाली’ शुक्रवार को सिनेमाघरों में लगी। ओपनिंग डे पर इसने 9.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। यह एक पीरियड एक्शन फिल्म है। शादी के बाद विजय और रश्मिका पहली बार पर्दे पर साथ दिखे हैं। दर्शकों से फिल्म को मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली है।
‘प्रहार’ और ‘नई नवेली’ में कौन रहा आगे?
राजकुमार राव की ‘प्रहार- द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्जवल निकम’ ने ओपनिंग डे पर 2.35 करोड़ रुपये कमाए। वहीं यामी गौतम की ‘नई नवेली’ को इससे बेहतर ओपनिंग मिली और फिल्म ने पहले दिन 3.25 करोड़ रुपये का कारोबार किया।
‘स्ट्रीट फाइटर’ ने कितने कमाए?
हॉलीवुड की मार्शल आर्ट्स कॉमेडी फिल्म ‘स्ट्रीट फाइटर’ भी शुक्रवार को रिलीज हुई। किताओ सकुराई के निर्देशन में बनी इस फिल्म में एंड्रयू कोजी, नोहा सेंटिनियो और कैलिना लियांग के साथ विद्युत जामवाल भी अहम भूमिका में हैं। ओपनिंग डे पर फिल्म ने 1.05 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया।
‘दृश्यम 3’ का कैसा हाल?
‘दृश्यम 3’ की कमाई में ढलान देखी जा रही है। फिल्म ने गुरुवार को 4.25 करोड़ रुपये कमाए थे, जबकि शुक्रवार को 15वें दिन 3 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसका कुल नेट कलेक्शन 336.01 करोड़ रुपये हो चुका है। फिल्म ने ओपनिंग डे पर 62 करोड़ रुपये कमाए थे, पहले वीक में 245.50 करोड़ रुपये और दूसरे वीक में 87.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया। ‘दृश्यम 3’ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 520.15 करोड़ रुपये हो चुका है।
आ गई ‘हनुमान अंश’ की विदाई की घड़ी?
दो महीने से ज्यादा समय से सिनेमाघरों में चल रही ‘हनुमान अंश’ की कमाई में काफी गिरावट आ गई है। गुरुवार को 70वें दिन फिल्म ने 65 लाख रुपये कमाए थे, जबकि शुक्रवार को 71वें दिन इसकी कमाई घटकर 15 लाख रुपये रह गई। फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 339.13 करोड़ रुपये और वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 448.61 करोड़ रुपये हो गया है।