प्रदर्शनकारी महिला पहलवानों को बृजभूषण ने बताया मंथरा ,कैकेयी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 23 May 2023 08:40 PM
प्रदर्शनकारी महिला पहलवानों को बृजभूषण ने बताया मंथरा ,कैकेयी
ऑडियो सुनें

गोंडा. महिला पहलवानों के कथित यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना कर रहे भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने मंगलवार को एक विवादास्पद बयान में महिला पहलवानों के विरोध प्रदर्शन पर रामायण का संदर्भ देते हुए कहा कि ‘विनेश फोगाट उनके लिये मंथरा बनकर आ गई हैं.’ आगामी पांच जून को अयोध्या में आयोजित जनचेतना महारैली में भीड़ जुटाने के उद्देश्य से जिले में जनसम्पर्क के दौरान मंगलवार को उन्होंने एक नुक्कड़ सभा को सम्बोधित करते हुए कहा,” महिला पहलवान विनेश फोगाट आज वही काम कर रही हैं जो त्रेता युग में मंथरा ने किया था.”

कैसरगंज से भाजपा सांसद बृजभूषण ने कहा ,” इससे पहले जंतर मंतर पर हजारों पहलवान धरना दे रहे थे और अब केवल तीन जोड़े (पति-पत्नी) बचे हैं. सातवां कोई नहीं है. जिस दिन परिणाम आएगा, हम मंथरा को भी धन्यवाद देंगे.” रामायण के अनुसार मंथरा के उकसावे पर ही कैकेयी ने दशरथ से राम को चौदह वर्ष के वनवास पर भेजने की जिद की थी .

बृजभूषण ने साथ ही यह आरोप भी लगाया कि जो पहलवान प्रदर्शन कर रहे हैं, वे आज तक नहीं बता पाए कि उनके साथ कब, कहां और क्या-क्या हुआ? कैसे-कैसे हुआ? उन्होंने अपने खिलाफ इस प्रकरण की तुलना अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मामले से की . उन्होंने जनसभा में कहा, ‘आप सौभाग्यशाली हैं कि एक ऐसा मामला आया है, जिसमें फंसकर कभी डोनाल्ड ट्रंप को भी परेशान होना पड़ा था. मैं कह रहा हूं कि यह षड्यंत्र आज का नहीं है. यह बहुत दिनों का है, लेकिन इसके माध्यम से कुछ अच्छा होना है.”

उन्होंने कहा ,” यह आरोप नहीं, छुआछूत का मामला है. गुड टच-बैड टच का मामला है. मुझ पर झूठे आरोप लगाए गए हैं, लेकिन यह आरोप मुझ पर नहीं आया है. बल्कि भगवान ने मुझे इस आरोप से लड़ने के लिए माध्यम बनाया है .” इससे पहले 21 मई को बृजभूषण ने कहा था कि वह ‘नार्को टेस्ट’ कराने के लिए तैयार हैं, बशर्ते विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया की भी यही जांच की जाए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu