कनाडा के सांसद ने खालिस्तानी आतंकवाद पर रिपोर्टिंग के लिए हमलों को लेकर जताई चिंता

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 13 Oct 2024 10:15 PM
कनाडा के सांसद ने खालिस्तानी आतंकवाद पर रिपोर्टिंग के लिए हमलों को लेकर जताई चिंता
ऑडियो सुनें

ओटावा. कनाडा में भारतीय मूल के एक सांसद ने खालिस्तानी आतंकवाद पर रिपोर्ट करने वाले पत्रकारों पर हमलों को लेकर चिंता व्यक्त की है और अधिकारियों से ऐसे मामलों से सख्ती से निपटने को कहा है. ‘हाउस ऑफ कॉमन्स’ में नेपियन से सांसद चंद्र आर्य ने शुक्रवार को संसद को संबोधित करते हुए कहा, ”मैं कनाडा में खालिस्तानी आतंकवाद पर रिपोर्ट करने वाले पत्रकारों पर हमलों से बहुत चिंतित हूं.” कुछ दिनों पहले ‘रेड एफएम कैलगरी’ के ऋषि नागर पर हुए हमलों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि ग्रेटर टोरंटो क्षेत्र और पूरे कनाडा में खालिस्तानी आतंकियों द्वारा कई और हमले किए गए हैं.

उन्होंने कहा, ”मैं कानून लागू करने वाली एजेंसियों से अपील करता हूं कि वे खालिस्तानी आतंकवाद को पूरी गंभीरता से लें. इससे पहले कि बहुत देर हो जाए, इससे सख्ती से निपटना होगा.” सांसद ने याद दिलाया कि मार्च 2023 में ‘रेडियो एएम600’ के समीर कौशल पर खालिस्तान विरोध प्रदर्शन को कवर करने के लिए हमला किया गया था. उन्होंने कहा कि फरवरी 2022 में ‘ब्रैम्पटन रेडियो’ के होस्ट दीपक पुंज पर खालिस्तान से संबंधित हिंसा की आलोचना करने के लिए उनके स्टूडियो में हमला किया गया था.

आर्य ने कहा कि आतंकवादी मामलों पर खोजी पत्रकार मोचा बेजिर्गन को खालिस्तानी आतंकवाद पर उनकी निर्भीक रिपोर्टिंग के लिए जान से मारने की धमकी मिली है. पिछले वर्ष सितंबर में कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो द्वारा ब्रिटिश कोलंबिया में खालिस्तानी समर्थक हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारतीय एजेंट की ”संभावित” संलिप्तता के आरोप लगाने के बाद भारत और कनाडा के बीच संबंधों में गंभीर तनाव पैदा हो गया था. भारत ने ट्रूडो के आरोपों को खारिज कर दिया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu