ममता के बिना ‘इंडिया’ गठबंधन की कल्पना नहीं कर सकते: कांग्रेस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 24 Jan 2024 07:58 PM
ममता के बिना ‘इंडिया’ गठबंधन की कल्पना नहीं कर सकते: कांग्रेस
ऑडियो सुनें

बोंगाईगांव. कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी की लोकसभा चुनाव अकेले लड़ने की घोषणा के बाद बुधवार को कहा कि ममता के बिना विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) की कल्पना नहीं की जा सकती.

पार्टी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के दौरान असम के उत्तरी सलमारा में कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने संवाददाताओं से बातचीत में यह उम्मीद भी जताई कि पश्चिम बंगाल में विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ एकसाथ चुनाव लड़ेगा. रमेश ने कहा, ”आपने ममता जी का पूरा बयान नहीं पढ़ा है. पूरा बयान है कि हम भाजपा को हराना चाहते हैं और भाजपा को हराने के लिए कोई कदम पीछे नहीं लेंगे. उसी भावना के साथ हम (भारत जोड़ो न्याय यात्रा) पश्चिम बंगाल में प्रवेश कर रहे हैं.”

उनका कहना था, ”रास्ते में कभी कभी स्पीड ब्रेकर आ जाता है, कभी कभी लाल बत्ती आ जाती है. इसका मतलब यह नहीं है कि हम पीछे हट जाएं…कल यही सवाल राहुल जी से पूछा गया था और इस पर राहुल गांधी जी ने स्पष्ट उत्तर दिया था कि तृणमूल कांग्रेस और ममता जी ‘इंडिया’ गठबंधन का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं.” उन्होंने कहा, ”हम ममता जी के बिना ‘इंडिया’ गठबंधन की कल्पना नहीं कर सकते. ‘इंडिया’ गठबंधन पश्चिम बंगाल में लोकसभा चुनाव लड़ेगा और सभी (साझेदार) भाग लेंगे.”

रमेश ने कहा, ”ममता बनर्जी ने कहा है कि लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराना हम सभी की प्राथमिकता है.” कांग्रेस महासचिव ने कहा, ”हमें पूरी उम्मीद है कि जो बातचीत चल रही है उसमें बीच का रास्ता निकाला जाएगा और पश्चिम बंगाल में ‘इंडिया’ गठबंधन चुनाव लड़ेगा. उनके अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक दलों के नेताओं को ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ को लेकर निमंत्रण दिया है.

राहुल गांधी ने मंगलवार को कहा था कि उनकी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस की ओर से कोई न कोई नेता कुछ टिप्पणी कर देता है, लेकिन उनके ममता बनर्जी के साथ बहुत अच्छे रिश्ते हैं. ममता बनर्जी ने बुधवार को घोषणा की कि उनकी पार्टी ने आगामी लोकसभा चुनाव राज्य में अकेले लड़ने का फैसला किया है.

बनर्जी ने कांग्रेस और टीएमसी के बीच सीटों के बंटवारे पर चल रहे टकराव के बीच कहा, ”मैंने उन्हें (कांग्रेस) सीटों के बंटवारे पर एक प्रस्ताव दिया था लेकिन उन्होंने शुरू में ही इसे नकार दिया. हमारी पार्टी ने अब बंगाल में अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया है.” पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उन्होंने राज्य में सीटों के बंटवारे पर कांग्रेस में किसी से बात नहीं की है.

असम में हमारे नेताओं के खिलाफ ‘राजनीतिक प्राथमिकी’ दर्ज की गई: कांग्रेस

कांग्रेस ने राहुल गांधी समेत उसके कई नेताओं के खिलाफ गुवाहाटी में मामला दर्ज किए जाने को लेकर बुधवार को आरोप लगाया कि बिना किसी तथ्यात्मक आधार के ”राजनीतिक प्राथमिकी” दर्ज की गई है. पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह भी कहा कि इसको लेकर उचित समय पर कानूनी कदम उठाए जाएंगे.

असम पुलिस ने हिंसा में शामिल होने के आरोप में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी के अन्य नेताओं के खिलाफ स्वत: संज्ञान लेते हुए मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज की. असम के उत्तरी सलमारा में रमेश ने संवाददाताओं से बातचीत में कटाक्ष किया, ”अपने कृत्यों के माध्यम से ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ को प्रचारित करने के लिए असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा का धन्यवाद .”

रमेश ने कहा, ”यह एक राजनीतिक प्राथमिकी है और तथ्यों पर आधारित नहीं है. सबूत और वीडियो आप सभी (मीडिया) के सामने हैं. हम डरेंगे नहीं क्योंकि यह असम के मुख्यमंत्री की एक और धमकी है.” उनका कहना था कि कांग्रेस उस प्राथमिकी को लेकर कानूनी विकल्प तलाशेगी, जो गुवाहाटी पुलिस ने राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल, जितेंद्र सिंह, जयराम रमेश, श्रीनिवास बी.वी., कन्हैया कुमार, गौरव गोगोई, भूपेन बोरा जैसे विभिन्न राष्ट्रीय और प्रादेशिक नेताओं के खिलाफ दायर की है.

रमेश ने कहा, ”यात्रा जारी रहेगी. हम लोकतंत्र में रहते हैं. प्रधानमंत्री हर देश में जाते हैं और इसे लोकतंत्र की जननी बताते हैं. लेकिन यह असम में लोकतंत्र की हत्या है.” कांग्रेस महासचिव का कहना था कि लड़ाई भाजपा-आरएसएस की विचारधारा के खिलाफ है और शर्मा एक ऐसी विचारधारा के ”प्रतीक” हैं जो देश के इतिहास को विकृत करने और फिर से लिखने का प्रयास करती है. रमेश ने कहा, ”हिमंत विश्व शर्मा के मुख्यमंत्री बनने के बाद से भ्रष्टाचार मुख्य मुद्दा रहा है. राहुल गांधी कई लोगों से मिले, जिन्होंने कहा कि वे बड़े पैमाने पर होने वाली अनियमितताओं से तंग आ चुके हैं.” भाषा

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu